बदायूँ। जिला गन्ना अधिकारी अशर्फी लाल ने बताया कि यदु शुगर लिमिटेड सुजानपुर के बंद हो जाने के बाद क्षेत्र के कृषकों के पेराई योग्य गन्ने के निस्तारण के लिए गन्ना आयुक्त, उत्तर प्रदेश के आदेशानुसार चीनी मिल बदायूँ सहित बाह्य जनपद की चीनी मिलों—मझावली, रजपुरा (सम्भल), रूपापुर और फरीदपुर को गन्ना आवंटित किया गया है।
उन्होंने बताया कि 25 फरवरी 2026 को क्षेत्र भ्रमण के दौरान ग्राम सिलहरी के पास मोहन पुत्र मथुरा लाल निवासी ग्राम अन्नी तथा जितेन्द्र सिंह पुत्र राम भरोसे सिंह निवासी ग्राम सिलहरी द्वारा किसानों से कम दर पर गन्ना खरीदकर भरवाया जा रहा था। पूछताछ में बताया गया कि गन्ना चीनी मिल मझावली के मालिक व अध्यासी द्वारा नकद भुगतान कर खरीदा जाता है।
जिला गन्ना अधिकारी के अनुसार, यह कार्य सुरक्षण आदेश के विपरीत सट्टा नीति का उल्लंघन है। आरोप है कि अवैध रूप से गन्ना खरीदकर बिचौलियों के माध्यम से बाहरी जनपद की चीनी मिलों व अन्य स्थानों पर अधिक दर पर बेचा जा रहा था, जिससे राजस्व की क्षति हो रही है।
इस संबंध में 26 फरवरी 2026 को सचिव, सहकारी गन्ना विकास समिति राजीव कुमार सिंह द्वारा थाना सिविल लाइन, बदायूँ में मझावली चीनी मिल के मालिक अतुल कुमार, अध्यासी अनुपम सिंह तथा दो गन्ना बिचौलियों मोहन और जितेन्द्र सिंह के विरुद्ध धोखाधड़ी, सरकारी कार्य में बाधा तथा अवैध गन्ना खरीद के आरोप में सुसंगत धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि गन्ना खरीद में अनियमितता करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।
Budaun Amarprabhat