‘
बदायूं। फिट इंडिया, भारतीय खेल प्राधिकरण तथा युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के तत्वावधान में मेरा युवा भारत बदायूं द्वारा रविवार को ‘संडेज़ ऑन साइकिल’ के 100वें संस्करण का भव्य आयोजन किया गया। एस.के. कॉलेज फील्ड से प्रारंभ हुई साइकिल रैली मझिया रोड होते हुए राजकीय डिग्री कॉलेज, आवास विकास पहुंचकर संपन्न हुई। रैली में बड़ी संख्या में युवाओं, छात्र-छात्राओं, स्वयंसेवकों एवं खेल प्रेमियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और मार्ग में नागरिकों ने भी उनका स्वागत किया।
कार्यक्रम के दौरान सभी प्रतिभागियों ने नशा मुक्त भारत का संकल्प लिया तथा फिट इंडिया की शपथ ग्रहण की। इसके साथ ही फिट इंडिया के लिए हस्ताक्षर अभियान चलाया गया और प्रतिभागियों को टी-शर्ट का वितरण किया गया। युवाओं ने साइकिल को अपनी दिनचर्या में शामिल करने तथा दूसरों को भी स्वस्थ रहने के लिए प्रेरित करने का संकल्प दोहराया।
जिला युवा अधिकारी आदित्य सिंह ने कहा कि फिट इंडिया केवल एक अभियान नहीं बल्कि एक जीवनशैली है। नियमित साइकिल चलाने, व्यायाम और संतुलित आहार से युवा स्वयं के साथ समाज व देश को भी स्वस्थ बना सकते हैं। उन्होंने बताया कि इस पहल का उद्देश्य युवाओं को खेल, फिटनेस और अनुशासन से जोड़कर भारत को ओलंपिक जैसे वैश्विक मंचों के लिए तैयार करना है। जिला नोडल अधिकारी एनएसएस राकेश जायसवाल ने नशे को युवा पीढ़ी के भविष्य के लिए सबसे बड़ा खतरा बताते हुए इससे दूर रहने का संदेश दिया।
कार्यक्रम का मुख्य संदेश “सीडब्ल्यूजी की बारी है, ओलंपिक की तैयारी है!” रहा। इस अवसर पर प्रोफेसर अनिल कुमार, मानिक्य मौर्य, ओमवीर यादव, अफ़ान खान, सुरेंद्र गौतम, गुरु चरण गुप्ता व लवेश यादव आदि उपस्थित रहे।
Budaun Amarprabhat