जानें क्या हैं राजनीतिक मायने
लखनऊ / बदायूं। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 की सियासी बिसात बिछनी शुरू हो गई है। समाजवादी पार्टी ने 26 नवंबर 2026 को अपना चुनावी घोषणापत्र ‘सत्ताइस का संकल्प: पीडीए का प्रणपत्र (जन-मन का मैनिफेस्टो 2027)’ जारी कर बड़ा राजनीतिक दांव चला है। डॉ. राममनोहर लोहिया, डॉ. बी.आर. अंबेडकर और जयप्रकाश नारायण के वैचारिक सिद्धांतों पर आधारित यह दस्तावेज सीधे तौर पर प्रदेश के पिछड़े, दलित, अल्पसंख्यक, युवा, किसान और मध्यम वर्ग को साधने की एक व्यापक रणनीति नजर आता है।
प्रणपत्र की सबसे बड़ी राजनीतिक और सामाजिक धुरी जातिगत जनगणना, आबादी के अनुपात में सरकारी ठेकों में हिस्सेदारी और 50 करोड़ तक के ठेकों में दलित व पीडीए वर्ग को 50 प्रतिशत आरक्षण देने का वादा है। इसके जरिए सपा ने अपने मूल वोटबैंक (PDA) को एकजुट रखने का ठोस संदेश दिया है।
रोजगार और युवाओं के मोर्चे पर पार्टी ने 5 साल में 25 लाख सरकारी नौकरियां, पेपर लीक के लिए अधिकारियों व मंत्रियों की व्यक्तिगत जवाबदेही तय करने और बेरोजगार ग्रेजुएट्स को 5 हजार रुपये मासिक पोषण भत्ता देने की घोषणा की है। इसके साथ ही सरकारी कर्मचारियों के लिए पुरानी पेंशन (OPS) बहाल करने, आउटसोर्सिंग खत्म करने और शिक्षामित्रों के नियमितीकरण तक मानदेय में 5 हजार रुपये वृद्धि के वादे कर्मचारी वर्ग को आकर्षित करने के लिए किए गए हैं।
किसानों और आम जनता को राहत देने के लिए सभी 23 फसलों व दूध पर एमएसपी की कानूनी गारंटी, तत्काल कर्ज माफी, गन्ना किसानों को 24 घंटे में भुगतान और घरेलू उपभोक्ताओं को 300 यूनिट मुफ्त बिजली का दांव चला गया है। वहीं, लोहिया की ‘दाम बांधो नीति’ के तहत महंगाई नियंत्रण, निजी स्कूलों की फीस व अस्पताल खर्चों की सीमा तय करने, 5 रुपये में ‘समाजवादी थाली’ और बीपीएल परिवारों को 10 लाख के स्वास्थ्य बीमा जैसे वादे सीधे आम आदमी की जेब से जुड़ते हैं।
समीक्षकों का मानना है कि जहां एक ओर ये घोषणाएं जन-कल्याणकारी और सर्वस्पर्शी दिखती हैं, वहीं दूसरी ओर इन भारी-भरकम योजनाओं—जैसे मुफ्त बिजली, बेरोजगारी भत्ता, कर्ज माफी और पुरानी पेंशन—को धरातल पर उतारने के लिए भारी बजट और वित्तीय संसाधनों का प्रबंधन करना आने वाली सरकार के लिए सबसे बड़ी चुनौती साबित होगा। कुल मिलाकर, सपा का यह प्रणपत्र 2027 के चुनावी संग्राम में सत्ता पक्ष के सामने एक आक्रामक वैकल्पिक एजेंडा पेश करता है।
Budaun Amarprabhat