
संवादाता: गोविंद देवल
बदायूं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. बृजेश कुमार सिंह के निर्देशन में आज रिजर्व पुलिस लाइन्स सभागार में “ZERO FATALITY DISTRICT (ZFD) – रोड सेफ्टी एक्शन प्लान” के संबंध में महत्वपूर्ण गोष्ठी आयोजित की गई। गोष्ठी का उद्देश्य डीजी परिपत्र संख्या-42/2025 के तहत जिले में सड़क दुर्घटनाओं से होने वाली मौतों को शून्य स्तर तक लाने के लिए प्रभावी कार्ययोजना तैयार करना था।
एसएसपी ने बैठक में पुलिस अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि कानून व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और यातायात प्रबंधन को मिलाकर व्यापक रणनीति अपनाई जाए। उन्होंने सड़क सुरक्षा को सभी नागरिकों का नैतिक दायित्व बताते हुए कहा—
“ZERO FATALITY का लक्ष्य तभी संभव है जब जनता और पुलिस मिलकर इसे जनआंदोलन के रूप में अपनाएं।”
उन्होंने जोर देकर कहा कि:
हेलमेट व सीट बेल्ट का अनिवार्य उपयोग
नशे की हालत में वाहन न चलाना
निर्धारित गति सीमा का पालन
वाहन चालकों की जिम्मेदारी और ट्रैफिक नियमों की पूरी अनुपालना
—ये सभी जीवन बचाने के सबसे सरल और प्रभावी उपाय हैं।
एसएसपी डॉ. सिंह ने कहा—
“हर सड़क दुर्घटना के पीछे एक परिवार की त्रासदी छिपी होती है। बदायूं को शून्य मृत्यु जिला बनाने के लिए ट्रैफिक पुलिस की सक्रियता के साथ-साथ जनजागरूकता अभियान को गांव-गांव तक पहुंचाना होगा। सख्ती के साथ संवेदनशीलता भी जरूरी है।”
गोष्ठी में क्षेत्राधिकारी सहसवान अशोक कुमार, क्षेत्राधिकारी यातायात कर्मवीर सिंह, प्रभारी यातायात, सभी थाना प्रभारी एवं अन्य पुलिस कर्मी उपस्थित रहे।
एसएसपी ने निर्देश दिए कि प्रत्येक थाना क्षेत्र में सड़क सुरक्षा अभियान को प्राथमिकता के साथ लागू किया जाए और दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए वैज्ञानिक एवं मानव-केंद्रित दृष्टिकोण अपनाया जाए।
Budaun Amarprabhat