
संवाददाता: मुदित प्रताप सिंह
फतेहगंज पश्चिमी। राजश्री मेडिकल कॉलेज के बीएससी नर्सिंग प्रथम वर्ष के छात्रों और छात्राओं ने सोमवार को कॉलेज के मेन गेट पर धरना प्रदर्शन किया। छात्रों का गुस्सा आईएनसी (नेशनल नर्सिंग काउंसिल ऑफ इंडिया) से अप्रूवल न मिलने के कारण भड़क गया।
जानकारी के अनुसार, अगस्त में एडमिशन के समय कॉलेज प्रशासन ने छात्रों को आईएनसी मान्यता होने का भरोसा दिया था। लेकिन चार महीने बीत जाने के बाद भी अप्रूवल नहीं मिला। इसके बाद कॉलेज प्रशासन ने केवल 31 दिसंबर तक अप्रूवल मिलने का वादा किया, जबकि छात्र लिखित रूप में वचन देने की जिद पर अड़े। कॉलेज प्रशासन ने यह मांग ठुकरा दी, जिससे धरना जारी है।
धरना प्रदर्शन करते छात्रों ने बताया कि मेन गेट बंद कर आने-जाने वाले लोगों को अंदर नहीं जाने दिया गया। केवल गंभीर मरीजों को ही गेट से अंदर जाने की अनुमति दी गई। करीब दो घंटे तक धरना जारी रहा।
इस दौरान कॉलेज प्रशासन के एमएस डब्ल्यू पी सिंह, नर्सिंग प्रधानाचार्य गौरव प्रताप सिंह राठौर, मीरगंज तहसील से तहसीलदार आशीष कुमार सिंह और लेखपाल आदित्य गंगवार मौके पर पहुंचे। उन्होंने छात्रों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन छात्र लिखित वचन की अड़ियल मांग पर कायम रहे। कुछ छात्रों को भीतर बुलाकर समझाने की कोशिश भी की गई, लेकिन धरना खत्म नहीं हुआ।
प्रधानाचार्य गौरव प्रताप सिंह ने कहा कि हर साल की तरह इस वर्ष भी 31 दिसंबर तक आईएनसी से अप्रूवल मिल जाएगा। छात्रों को किसी ने गुमराह किया है। उन्होंने बताया कि कॉलेज ने अप्रैल में ही डेटा अपलोड कर दिया था, जबकि आईएनसी ने 15 दिसंबर तक के लिए कहा था। इसलिए अप्रैल में डेटा अपलोड करने वाले कॉलेज को भी 31 दिसंबर तक अप्रूवल मिलने में कोई बाधा नहीं है।
मीरगंज तहसीलदार आशीष कुमार सिंह ने कहा कि छात्रों के साथ बैठक कर उन्हें समझाया गया कि आईएनसी के लिए आवेदन कर दिया गया है और ऑनलाइन आवेदन के कागजात सभी छात्रों को दिखाए गए। छात्रों ने 31 दिसंबर तक अप्रूवल मिलने पर सहमति भी दी। बैठक में कॉलेज के चेयरमैन राजेंद्र अग्रवाल, श्याम गंगवार एवं अन्य स्टाफ भी मौजूद रहे।
धरना प्रदर्शन अब भी जारी है और छात्रों ने कहा कि जब तक लिखित वचन नहीं मिलेगा, वे गेट पर बैठकर अपना विरोध जारी रखेंगे।
Budaun Amarprabhat