संवाददाता | काजल मिश्रा
शाहजहांपुर। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय भारत सरकार के तत्वावधान में मेरा युवा भारत द्वारा जिला स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता का भव्य आयोजन रेती रोड स्थित डॉ. सुदामा प्रसाद विद्यास्थली के मैदान में उत्साहपूर्वक किया गया। प्रतियोगिता में पूर्व में आयोजित पांच क्लस्टर स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिताओं के विजेता खिलाड़ी एवं टीमों ने प्रतिभाग किया।
पुरस्कार वितरण समारोह के मुख्य अतिथि लोकसभा सांसद अरुण कुमार सागर ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि खेलों से युवाओं में समय प्रबंधन और अनुशासन की भावना विकसित होती है। खेल भारतीय संस्कृति और एकता के प्रतीक हैं तथा व्यक्तित्व के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने सांसद खेल महोत्सव, फिट इंडिया, खेलो इंडिया, टॉप्स सहित केंद्र सरकार की विभिन्न खेल योजनाओं की जानकारी भी दी।
महानगर अध्यक्ष शिल्पी गुप्ता ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि सशक्त बनने के लिए मानसिक और शारीरिक दोनों शक्तियों का विकास आवश्यक है। मानसिक शक्ति शिक्षा से और शारीरिक शक्ति खेल मैदान से प्राप्त होती है। उन्होंने कहा कि खेल ही एक ऐसा क्षेत्र है जहां कोई आरक्षण नहीं होता।
जिला युवा अधिकारी मयंक भदौरिया ने कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए युवाओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना की और स्वस्थ जीवनशैली के लिए खेलों व शारीरिक गतिविधियों के महत्व पर प्रकाश डाला। समाजसेवी मुकेश सिंह परिहार ने युवाओं में धैर्य, अनुशासन और ज्ञान को मानसिक व शारीरिक विकास का आधार बताया। बाल कल्याण समिति सदस्य अरविंद मिश्रा ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए लक्ष्य के प्रति निरंतर प्रयास और ईमानदारी की सीख दी।
इसके बाद मंचासीन अतिथियों द्वारा विजेता टीमों और खिलाड़ियों को ट्रॉफी, मेडल, प्रमाण-पत्र एवं विशेष उपहार देकर सम्मानित किया गया।
प्रतियोगिता परिणाम इस प्रकार रहे—
बालक वर्ग वॉलीबॉल में सिंधौली टीम विजेता और तिलहर टीम उपविजेता रही।
बालिका वर्ग खो-खो में सिंधौली टीम विजेता जबकि भावलखेड़ा टीम उपविजेता रही।
बालक वर्ग 400 मीटर दौड़ में आयुष कुमार प्रथम, आशीष द्वितीय और आशुतोष तृतीय स्थान पर रहे।
बालिका वर्ग 200 मीटर दौड़ में राधिका प्रथम, अंजली द्वितीय और नेहा तृतीय रहीं।
बालक वर्ग लंबी कूद में अजय कुमार प्रथम, आकाश द्वितीय और अमन शर्मा तृतीय रहे।
बालिका वर्ग बैडमिंटन में वैष्णवी शर्मा विजेता और प्रियांशु चौहान उपविजेता रहीं।
कार्यक्रम में अधिवक्ता अंजली गुप्ता, डॉ. पुनीत मनीषी, अमित श्रीवास्तव, शगुन सक्सेना, दिव्यांशी, वैष्णवी, सुरेन्द्रपाल सिंह, गुरुकुल सेवा ट्रस्ट से कुमार सागर, सत्यराम यादव सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोग उपस्थित रहे। रेफरी के रूप में विपिन अग्निहोत्री, सचिन प्रेमी, नितिन कुरील, रामनारायण सक्सेना, प्रिया श्रीवास्तव, वंदना सैनी, मैज़हबी मंसूरी, अजयपाल, पंकज सक्सेना, निशांत चौधरी, शकील अहमद, सुरजीत, नफीस और संजय कुमार ने भूमिका निभाई। कार्यक्रम का संचालन विपिन अग्निहोत्री ने किया।
Budaun Amarprabhat