बदायूं। फ्यूचर लीडर्स स्कूल के प्रांगण में श्री बालाजी एजुकेशनल वेलफेयर सोसाइटी के तत्वावधान में कड़कड़ाती ठंड में जरूरतमंद एवं असहाय लोगों को राहत पहुंचाने के उद्देश्य से कंबल वितरण समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम भावनात्मक और प्रेरणादायी रहा, जिसमें विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर सहभागिता कर समाजसेवा की भावना को साकार किया।
समारोह में वरिष्ठ पत्रकार श्री ललित मोहन वार्ष्णेय एवं अरिहंत वृक्षारोपण समिति के संस्थापक एवं ‘ट्री मैन’ के नाम से प्रसिद्ध श्री प्रशांत जैन की गरिमामयी उपस्थिति रही। विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह और संवेदनशीलता के साथ अपने हाथों से जरूरतमंदों को कंबल वितरित किए, जिससे सेवा, करुणा और मानवीय मूल्यों का जीवंत उदाहरण प्रस्तुत हुआ।
विद्यालय के डायरेक्टर श्री वी.पी. सिंह ने कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम विद्यार्थियों में सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को मजबूत करते हैं। सेवा कार्य न केवल जरूरतमंदों को राहत देते हैं, बल्कि बच्चों के चरित्र निर्माण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
विद्यालय के एमडी श्री राहुल कुमार सिंह ने कहा कि विद्यालय केवल शिक्षा का केंद्र नहीं, बल्कि संस्कार, संवेदना और सेवा भावना का पथप्रदर्शक भी होता है। समाजसेवा से विद्यार्थियों में करुणा, अनुशासन और नेतृत्व क्षमता का विकास होता है।
प्रधानाचार्य श्री रविंद्र सिंह ने विद्यार्थियों की इस मानवीय पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों को सहयोग, मानवता और जिम्मेदार नागरिक बनने की दिशा में प्रेरित करते हैं।
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय प्रबंधन ने सभी अतिथियों, शिक्षकों, समन्वयकों एवं विद्यार्थियों का आभार व्यक्त किया और भविष्य में भी इस तरह के समाजसेवी कार्यक्रम आयोजित करने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर जूनियर कोऑर्डिनेटर परमेंद्र सिंह, प्राइमरी कोऑर्डिनेटर केशव शर्मा, प्री-प्राइमरी कोऑर्डिनेटर राखी गुप्ता सहित विद्यालय परिवार के अनेक शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। आयोजन सभी के लिए स्मरणीय रहा और विद्यार्थियों के मन में सेवा व सामाजिक चेतना की स्थायी छाप छोड़ गया।
Budaun Amarprabhat