बदायूं। होली के शुभ अवसर पर प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के अंतर्गत 1,500 करोड़ रुपये की धनराशि से उत्तर प्रदेश के 1.86 करोड़ उज्ज्वला परिवारों को गैस सिलेंडर रिफिल सब्सिडी का वितरण माननीय मुख्यमंत्री द्वारा शनिवार को लखनऊ स्थित लोक भवन से किया गया।
जनपद बदायूं में उज्ज्वला लाभार्थियों को निःशुल्क सिलेंडर रिफिल सब्सिडी वितरण कार्यक्रम डायट परिसर स्थित ऑडिटोरियम में आयोजित हुआ। कार्यक्रम में मा० राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) माध्यमिक शिक्षा, उ०प्र० सरकार गुलाब देवी, जिला पंचायत अध्यक्ष वर्षा यादव, विधान परिषद सदस्य शारदेन्दु पाठक, जिलाधिकारी अवनीश राय सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे।
प्रदेश के 1.86 करोड़ उज्ज्वला परिवारों में जनपद बदायूं के 4,27,000 उज्ज्वला कनेक्शन लाभार्थियों को 552.50 रुपये प्रति कनेक्शन की दर से कुल 23 करोड़ 59 लाख 17 हजार 500 रुपये की सब्सिडी अंतरित की गई। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के संबोधन का सीधा प्रसारण सुना गया। तत्पश्चात उपस्थित जनप्रतिनिधियों द्वारा 10 उज्ज्वला लाभार्थियों को प्रतीकात्मक चेक वितरित किए गए।
मुख्य अतिथि गुलाब देवी ने कहा कि उज्ज्वला योजना के अंतर्गत निःशुल्क गैस सिलेंडर मिलने से विशेषकर ग्रामीण क्षेत्रों की महिलाओं के जीवन में बड़ा बदलाव आया है। धुएं से होने वाली बीमारियों से राहत मिली है और महिलाओं का जीवन स्तर बेहतर हुआ है। उन्होंने लाभार्थियों से दो माह के भीतर सिलेंडर रिफिल कराने की अपील की, ताकि निर्धारित धनराशि उनके बैंक खातों में अंतरित की जा सके।
कार्यक्रम के अंत में जिला पूर्ति अधिकारी ने उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं लगभग 600 उज्ज्वला लाभार्थियों का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (प्रशासन), अपर पुलिस अधीक्षक (नगर), नगर मजिस्ट्रेट, आपूर्ति विभाग एवं ऑयल कंपनियों के अधिकारी, गैस एजेंसी संचालक भी मौजूद रहे।
Budaun Amarprabhat