Breaking News

सिद्ध बाबा पुल वाले महाराज मंदिर के होली मेले में उमड़ रही भीड़, झूले बने बच्चों के आकर्षण का केंद्र

Spread the love

आसफपुर। क्षेत्र के प्राचीन सिद्ध बाबा पुल वाले महाराज मंदिर परिसर में आयोजित होली मेले में इन दिनों खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। मेले में सजे झूले और चरख बच्चों के लिए आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। नन्हे-मुन्ने बच्चों ने झूलों पर बैठकर जमकर मस्ती की, वहीं मेले में लगी विभिन्न दुकानों पर भी लोगों की भीड़ उमड़ रही है।
बताया जाता है कि यह मेला 6 मार्च 2026 से शुरू हुआ है। मेले में दूर-दूर से आए दुकानदारों ने फर्नीचर, लोहे के घरेलू सामान, बच्चों के खिलौने, मिठाइयों और अन्य जरूरत की वस्तुओं की दुकानें सजा रखी हैं। खरीदारी के लिए दिनभर लोगों का आना-जाना लगा रहता है।
सोमवार को मेले में आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। मोहकमपुर, दबथरा, आसफपुर, मानपुर, मन्नू नगर, सीकरी, कोरेरा, पहाड़पुर, मलखानपुर, सहावर, हरदासपुर, पुरवा खेड़ा, भूड़ बिसौली, नह डोली, तखौरा, किशनपुर, खरगपुर और नूर नगर कौड़ियां सहित कई गांवों के ग्रामीण परिवार सहित मेले में पहुंचे और खरीदारी के साथ मेले का आनंद लिया।
मेले के आयोजकों के अनुसार इस दौरान सांस्कृतिक और पारंपरिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया जाएगा। मेले में ढोला कार्यक्रम और दंगल प्रतियोगिता भी कराई जाएगी, जिससे ग्रामीण क्षेत्र के लोगों का भरपूर मनोरंजन होगा।
मेले के अंतिम चरण में 16 मार्च 2026 को मां दुर्गा देवी के भव्य जागरण का आयोजन किया जाएगा, जिसमें क्षेत्र के श्रद्धालुओं की बड़ी संख्या में भागीदारी रहने की उम्मीद है। मेले को लेकर पूरे क्षेत्र में उत्साह का माहौल बना हुआ है।


Spread the love

About Govind Deval

Check Also

मानदेय भुगतान न होने पर रोजगार सेवकों ने जताया विरोध, बीडीओ को सौंपा ज्ञापन

Spread the loveसंवाददाता अमित वर्मा उसावां। ब्लॉक क्षेत्र में रोजगार सेवकों ने मानदेय का भुगतान …

error: Content is protected !!