200 से अधिक निराश्रित पशुओं के संरक्षण की होगी व्यवस्था, विधायक करेंगे शुभारंभ
संवाददाता: गोविंद देवल
बिल्सी। प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी कान्हा गौशाला योजना के तहत नगर में नई गौशाला का निर्माण शुरू होने जा रहा है। इस परियोजना का शिलान्यास 5 मई को सुबह 11 बजे किया जाएगा। कार्यक्रम का शुभारंभ विधायक हरीश शाक्य द्वारा किया जाएगा।
चेयरमैन पति ओमप्रकाश सागर ने बताया कि गौशाला नगर पालिका परिषद क्षेत्र के वार्ड नंबर 17 में नैथुआ रोड स्थित चयनित स्थल पर स्थापित की जाएगी। इस परियोजना की कुल लागत करीब 1.25 करोड़ रुपये निर्धारित की गई है, जिसे स्वीकृति मिल चुकी है।
उन्होंने बताया कि प्रस्तावित गौशाला में 200 से अधिक निराश्रित एवं बेसहारा पशुओं को रखने की व्यवस्था की जाएगी। इसके अलावा पशुओं के लिए सुरक्षित शेड, पेयजल व्यवस्था, चिकित्सा सुविधा, चारा भंडारण और स्टाफ के लिए आवश्यक सुविधाएं भी विकसित की जाएंगी।
ओमप्रकाश सागर ने कहा कि इस योजना का मुख्य उद्देश्य सड़कों पर घूम रहे आवारा पशुओं की समस्या से निजात दिलाना और सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना है। साथ ही पशुओं के संरक्षण और संवर्धन को बढ़ावा देना भी इस परियोजना का प्रमुख लक्ष्य है।
Budaun Amarprabhat