39 साल पुरानी बैंक शाखा शिफ्ट करने के विरोध में ग्रामीणों का धरना शुरू, आज होगी बड़ी पंचायत
उघैती। ग्राम रियोनाई में संचालित करीब 39 वर्ष पुरानी बैंक शाखा को दूसरे स्थान पर शिफ्ट किए जाने की चर्चाओं के बीच ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ गई है। बुधवार शाम 4 बजे से भारतीय किसान यूनियन टिकैत के समर्थन में ग्रामीणों ने अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया।
ग्रामीणों का कहना है कि बैंक शाखा वर्षों से क्षेत्र के किसानों और आम लोगों की सुविधा का केंद्र रही है। पंचायत में मौजूद लोगों ने सर्वसम्मति से निर्णय लिया कि किसी भी स्थिति में बैंक शाखा को गांव से बाहर नहीं जाने दिया जाएगा।
धरने के दौरान ग्रामीणों ने बैंक प्रबंधन के कार्यप्रणाली को लेकर भी नाराजगी जताई। हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि गांव में बैंक कर्मचारियों के साथ कभी कोई अप्रिय घटना नहीं हुई और स्थानीय लोगों ने हमेशा सहयोगात्मक रवैया अपनाया है।
ग्रामीणों का कहना है कि बैंक शाखा हटने से आसपास के गांवों के किसानों, बुजुर्गों और खाताधारकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ेगा। इसी मुद्दे को लेकर गुरुवार दोपहर 12 बजे फिर से एक बड़ी पंचायत बुलाई गई है। पंचायत की सूचना उपजिलाधिकारी बिल्सी और संबंधित अधिकारियों को लिखित रूप से दिए जाने की बात भी ग्रामीणों ने कही है।
धरना संचालन के लिए एक समिति का गठन किया गया है। इसमें अध्यक्ष राजू गुप्ता, उपाध्यक्ष शिवम प्रताप और कोषाध्यक्ष गौरव शर्मा को जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके अलावा कई ग्रामीणों और किसान नेताओं को समिति में शामिल किया गया है, जो धरनास्थल पर लगातार मौजूद रहेंगे।
धरने और पंचायत में बड़ी संख्या में ग्रामीण, किसान और क्षेत्र के गणमान्य लोग मौजूद रहे। ग्रामीणों ने प्रशासन और बैंक अधिकारियों से मामले का समाधान निकालने की मांग की है, ताकि क्षेत्र की बैंकिंग सुविधाएं प्रभावित न हों।
Budaun Amarprabhat