सहसवान: एक घर में चोरी के इरादे से चोर घुस गए। जागे गृह स्वामी ने शोर मचा दिया। भागते समय एक चोर घायल हो गया। इसे ग्रामीणों ने पकड़ कर पुलिस के हवाले कर दिया। जबकि उसके साथी भागने में कामयाब हो गए। पुलिस ने गृहस्वामी की ओर से तीन नामजद और एक अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
कोतवाली क्षेत्र के गांव भवानीपुर खल्ली निवासी आस मोहम्मद का कहना है कि 27 अगस्त की रात वह अपने स्वजन के साथ घर में सो रहा था। रात में चार लोग उसके घर में चोरी करने के इरादे से घुस आए। आहट होने पर आस मोहम्मद और उसके स्वजन जाग गए। उन्होंने चोरों को देखकर शोर मचा दिया। शोर मचाने पर चोर मकान की दीवार कूदकर मक्का के खेत की ओर भाग निकले। एक चोर दीवार से कूदते हुए लड़खड़ाकर गिर गया और उसके पैर में चोट लग गई। इसे ग्रामीणों ने पकड़ लिया और पुलिस को सूचना दी। पकड़े गए आरोपित ने अपना नाम मिशनपाल निवासी गांव चिंदरिया मजरा पुसावली थाना जुनावई जनपद संभल और अन्य साथियों के नाम बताए। पुलिस ने आस मोहम्मद की ओर से मिशनपाल, आमिर और शिबे निवासी गांव खैरपुर वल्ली थाना सहसवान और एक अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर पकड़े गए आरोपित को जेल भेज दिया। इस मामले में कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक राजेंद्र बहादुर सिंह ने बताया कि पकड़े गए आरोपित से पूछताछ की जा रही है। शेष आरोपितों को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
संवाददाता डाo राशिद अली खान सहसवान बदायूं
Budaun Amarprabhat