एक दिसंबर तक चलेगा मेला ककोड़ा, लौटेंगे दुकानदार, पुलिस फोर्स
बदायूं : रेत की सफेद चादर पर सजे रुहेलखंड के सुप्रसिद्ध मिनी कुंभ मेला ककोड़ा एक दिसंबर तक चलेगा। सुबह से ही ग्रामीण क्षेत्रों से श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला जारी है। श्रद्धालु गंगा तट पर आस्था की डुबकी लगाकर लोकमंगल की कामना कर रहे हैं। गंगा स्नान के बाद श्रद्धालु मेले में खरीदारी करने में व्यस्त हैं। छोटे दुकानदार पहले ही अपने घरों को लौट चुके हैं, जबकि बड़े व्यापारी दुकानें सजाए रखें हैं। एक दिसंबर की शाम उनकी भी घर वापसी शुरू हो जाएगी। पुलिस प्रशासन ने दुकानदारों को एक दिसंबर की देर शाम तक दुकानें समेटने के निर्देश दिए हैं ताकि शांतिपूर्ण ढंग से मेले से लोग अपने घरों को जा सकें।
ग्रामीण श्रद्धालु सुबह से ही मेले में चहल-पहल बढ़ा रहे हैं। लोग अपने घर के लिए जरूरत का सामान बर्तन, कपड़े, बक्से, कंबल, अलमारियां और शादी-ब्याह के सामान — खरीदते नजर आ रहे हैं। कई किसान अपने बैलों की साज-सज्जा के लिए भी रंगीन रस्सियां, घंटियां और सजावटी वस्तुएं खरीद रहे हैं। मजबूत लाठियां और खिलौनों की दुकानें भी आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं।
शाम होते ही श्रद्धालु अपने निजी वाहनों ट्रैक्टर-ट्रॉली, बैलगाड़ी, मोटरसाइकिल और साइकिलों से घर की ओर लौटने लगते हैं। रात ढलते ही गंगा तट पर सन्नाटा पसर जाता है और झूले भी समेटे जा रहे हैं।
श्रद्धालुओं के चेहरों पर गंगा मैया के प्रति गहरी आस्था झलक रही है। जाते-जाते सभी की जुबान पर एक ही बात है — गंगा मैया, दोबारा फिर आएंगे।
पुलिस फोर्स और प्रशासनिक अमला एक दिसंबर तक अपने-अपने कैम्प में वापस चलें जाएंगे। अगले वर्ष फिर इसी आस्था और उल्लास के साथ मिनी कुंभ मेला ककोड़ा के लौटने की उम्मीद जताई जा रही है।
Budaun Amarprabhat