आसफपुर (बदायूं)। राष्ट्रीय ग्रामीण विकास एवं पंचायतीराज संस्थान, राजेंद्र नगर हैदराबाद तथा दीनदयाल उपाध्याय राज्य ग्रामीण विकास संस्थान, बख्शी का तालाब लखनऊ के संयुक्त तत्वावधान में पाँच जनपदों—अलीगढ़, हापुड़, बागपत, शामली व इटावा—के चयनित ब्लॉक संसाधन व्यक्तियों (BRP) के लिए सोशल ऑडिट एवं सोशल एकाउंटेबिलिटी विषयक एक–मासीय सर्टिफिकेशन प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया।
स्थानीय क्षेत्रीय ग्राम्य विकास प्रशिक्षण संस्थान में आयोजित इस प्रशिक्षण कार्यक्रम का संचालन प्राचार्य अनुज कुमार श्रीवास्तव के नेतृत्व में किया जा रहा है। प्रशिक्षण अधिकारी पंकज कुमार, प्रदर्शक हरीश कुमार उपाध्याय तथा वीरपाल सिंह की देखरेख में प्रतिभागियों को 21 दिन का सैद्धांतिक प्रशिक्षण संस्थान परिसर में दिया जाएगा, जबकि 9 दिन का प्रायोगिक प्रशिक्षण सोशल ऑडिट निदेशालय, लखनऊ द्वारा चयनित आसफपुर क्षेत्र की 8 ग्राम पंचायतों में वास्तविक सोशल ऑडिट के रूप में कराया जाएगा। इसमें प्रतिभागी सोशल ऑडिट की प्रक्रिया, तकनीक एवं व्यवहारिक ज्ञान का प्रत्यक्ष अनुभव प्राप्त करेंगे।
प्रशिक्षण के दौरान विभिन्न विषयों पर एनआईआरडी हैदराबाद के मुख्य प्रशिक्षक रामकुमार, सहायक प्रशिक्षक दिनेश चंद्र वर्मा, संशोधन अधिकारी सुमेध पाटिल तथा ग्रामीण विकास मंत्रालय, भारत सरकार के विशेषज्ञ प्रतिभागियों को वार्ता एवं तकनीकी सत्रों के माध्यम से मार्गदर्शन प्रदान कर रहे हैं।
यह प्रशिक्षण कार्यक्रम 28 नवंबर 2025 से 27 दिसंबर 2025 तक लगातार संचालित किया जाएगा। जनपद बागपत, हापुड़, शामली, अलीगढ़ एवं इटावा से आए लगभग 42 प्रतिभागी, जिनमें इंद्रपाल सिंह, खुशीराम, मनोज कुमार, हरिकृष्ण, सुमित कुमार, गीता रानी, राकेश कुमार, मुकेश कुमार, वीरपाल सिंह, हंसराज सहित कई प्रतिभागी शामिल हैं, इस प्रशिक्षण में सक्रिय रूप से भाग ले रहे हैं।
प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन और ईश वंदना के साथ किया गया। कार्यक्रम के बारे में विस्तृत जानकारी संस्थान के प्राचार्य अनुज कुमार श्रीवास्तव ने दी।
— आसफपुर से दानवीर सिंह की रिपोर्ट
Budaun Amarprabhat