Breaking News

विशेष गहन पुनरीक्षण-2026: मण्डलायुक्त ने विधानसभा मतदाता सूची की पारदर्शिता और त्रुटिहीनता के लिए अधिकारियों को लगाई कड़ी चेतावनी

Spread the love

बदायूँ | संवाददाता: गोविंद देवल
गुरुवार को मण्डलायुक्त बरेली मंडल व रोल प्रेक्षक भूपेंद्र एस. चौधरी ने कलेक्ट्रेट स्थित अटल बिहारी वाजपेयी सभागार में विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र की निर्वाचक नामावलियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) 2026 की समीक्षा बैठक की। बैठक में अधिकारियों और मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
मण्डलायुक्त ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि मतदाता सूची शुद्ध, त्रुटिहीन और पूरी तरह पारदर्शी हो। उन्होंने कहा कि प्राप्त सभी नोटिसों की सुनवाई समयबद्ध तरीके से की जाए और कोई भी पात्र मतदाता अपने एपिक कार्ड से वंचित न रहे।
जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अवनीश राय ने बैठक में जानकारी दी कि विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यों के लिए 112 ए.ई.आर.ओ. जनपद की छह विधानसभा क्षेत्रों में तैनात हैं। जनपद में कुल 2859 मतदेय स्थल और 1759 मतदान केंद्र हैं। उन्होंने बताया कि 05 फरवरी 2026 तक कुल 1,17,595 नोटिस डिलीवर किए गए, जिनमें से 22,432 पर सुनवाई हो चुकी है और शेष प्रक्रियाधीन है। इसके अलावा, टोल फ्री नंबर 1950 पर प्राप्त सभी 447 शिकायतों का निस्तारण भी कर दिया गया है।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि निर्वाचक नामावली का प्रारूप प्रकाशन 06 जनवरी 2026 को किया जा चुका है। दावे एवं आपत्तियां दर्ज कराने की अवधि 06 जनवरी से 06 फरवरी 2026 तक निर्धारित है। नामावलियों से संबंधित सत्यापन और निर्णय की प्रक्रिया 27 फरवरी 2026 तक पूरी की जाएगी, जबकि अंतिम निर्वाचक नामावली का प्रकाशन 06 मार्च 2026 को किया जाएगा।
उन्होंने आगे बताया कि 06 जनवरी को हुए ड्राफ्ट प्रकाशन में जनपद में कुल 19,25,413 मतदाता हैं, जिनमें 10,69,444 पुरुष, 8,55,906 महिला और 63 तृतीय लिंग मतदाता शामिल हैं। बैठक से पूर्व कलेक्ट्रेट आगमन पर मण्डलायुक्त को गार्ड ऑफ ऑनर भी दिया गया।
इस अवसर पर सभी संबंधित अधिकारी और मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।


Spread the love

About Govind Deval

Check Also

कुलाधिपति बोले, रंगोत्सव आपके जीवन में नई ऊर्जा, नई आशाओं का करे संचार

Spread the loveमुरादाबाद। तीर्थंकर महावीर यूनिवर्सिटी, मुरादाबाद के कुलाधिपति श्री सुरेश जैन ने कहा, प्रेम, …

error: Content is protected !!