उसहैत | संवाददाता गोविंद देवल
155 स्कूलों में शुरू हुआ एडमिशन अभियान, ‘हर बच्चा स्कूल में’ पर प्रशासन का फोकस
उसावां ब्लॉक क्षेत्र में नए शैक्षिक सत्र 2026-27 की शुरुआत जोश और उत्साह के साथ हो गई। संविलियन, प्राथमिक और उच्च प्राथमिक विद्यालयों के साथ-साथ मान्यता प्राप्त स्कूलों में प्रवेश प्रक्रिया शुरू होते ही बच्चों का स्वागत तिलक लगाकर और फूल बरसाकर किया गया। इस दौरान स्कूलों का माहौल उत्सव जैसा नजर आया।
उच्च प्राथमिक विद्यालय बरैनियां में पहले दिन राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ के ब्लॉक अध्यक्ष नंदकिशोर पाठक ने कक्षा 06 में प्रवेश लेने वाले 07 बच्चों को तिलक लगाकर उनका उत्साहवर्धन किया। वहीं पचदियोरा में उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के ब्लॉक अध्यक्ष रामसेवक वर्मा ने फूल बरसाकर बच्चों का स्वागत किया और 06 बच्चों का नामांकन कराया।
ब्लॉक क्षेत्र के कुल 155 संविलियन, प्राथमिक और उच्च प्राथमिक विद्यालयों में प्रवेश प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। इसके साथ ही कई मान्यता प्राप्त विद्यालयों और सरस्वती जन शिक्षा मंदिर में भी नए सत्र के लिए एडमिशन प्रारंभ कर दिए गए हैं।
खंड शिक्षा अधिकारी ओमप्रकाश वर्मा ने बताया कि शासन की प्राथमिकता है कि गरीब, पिछड़े और मजदूर वर्ग के शत-प्रतिशत बच्चों को स्कूल से जोड़ा जाए, ताकि उन्हें बेहतर और निशुल्क शिक्षा मिल सके। इसके लिए ‘स्कूल चलो अभियान’ सहित विभिन्न जनजागरण कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि अभियान को सफल बनाने के लिए सभी विद्यालयों के शिक्षक और शिक्षणेत्तर कर्मचारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है, जिससे सरकार की योजनाओं का शत-प्रतिशत क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जा सके।
Budaun Amarprabhat