Breaking News

खाद-गैस संकट पर भड़के किसान: बदायूं की सभी तहसीलों में भाकियू का हल्ला बोल

Spread the love

कालाबाजारी और नए नियमों से परेशान अन्नदाता, चेतावनी—समस्या न सुलझी तो होगा बड़ा आंदोलन

संवाददाता: गोविंद देवल

बदायूं, 30 अप्रैल। खाद और गैस वितरण में आ रही समस्याओं को लेकर भारतीय किसान यूनियन ने गुरुवार को जनपद की सभी तहसीलों में जोरदार प्रदर्शन कर ज्ञापन सौंपा। किसानों ने आरोप लगाया कि सरकार द्वारा लागू किए गए नए नियमों के चलते हालात बिगड़ गए हैं और उन्हें न तो समय पर खाद मिल पा रही है और न ही रसोई गैस।
किसानों का कहना है कि खाद की कालाबाजारी चरम पर है। एक कट्टा खाद के साथ 250 से 350 रुपये तक का सामान जबरन थमाया जा रहा है, जिससे लागत बढ़ रही है। वहीं गांवों में गाड़ियों के जरिए होने वाली गैस वितरण व्यवस्था बंद होने से ग्रामीणों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
भाकियू नेताओं ने कहा कि एक ओर सरकार फार्मर रजिस्ट्रेशन को अनिवार्य कर रही है, वहीं दूसरी ओर राजस्व अभिलेखों में गड़बड़ी के चलते कई किसान पंजीकरण नहीं करा पा रहे हैं। जिन किसानों के नाम जमीन दर्ज नहीं है, जिनके अभिभावकों की मृत्यु हो चुकी है या जो बटाई/ठेके पर खेती कर रहे हैं, उनके सामने सबसे बड़ी समस्या खड़ी हो गई है।
किसानों ने यह भी बताया कि पहले ही आलू की फसल में नुकसान झेल चुके अन्नदाता अब मक्का की फसल में भी संकट का सामना कर रहे हैं। समय पर बिजली न मिलने से सिंचाई प्रभावित हो रही है और अब खाद की किल्लत ने मुश्किलें और बढ़ा दी हैं।
तहसील बिसौली में तहसील अध्यक्ष मुकेश भदोरिया, बिल्सी में अख्तर खान, बदायूं में अर्जुन सिंह तथा सहसवान में जिला सचिव रन सिंह और पप्पू यादव के नेतृत्व में ज्ञापन सौंपा गया। इस दौरान बड़ी संख्या में किसान और संगठन के पदाधिकारी मौजूद रहे।
किसानों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही खाद और गैस की आपूर्ति सुचारु नहीं की गई तो पूरे जनपद में बड़ा आंदोलन किया जाएगा, जिसकी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।


Spread the love

About Govind Deval

Check Also

पत्नी से पारिवारिक विवाद के बाद युवक पानी की टंकी पर चढ़ा, समझाइश के बाद सकुशल उतारा गया

Spread the loveइस्लामनगर। नगर पंचायत इस्लामनगर में कार्यरत एक निजी सफाई कर्मचारी बुधवार को पारिवारिक …

error: Content is protected !!