ग्राम सभा बरातेगदार में आयोजित हुई सपा की जनसभा
बदायूं। प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव जैसे-जैसे नजदीक आ रहे हैं, वैसे-वैसे सभी राजनीतिक दलों ने जनता के बीच पैठ मजबूत करने के लिए अपनी सांगठनिक और प्रचार गतिविधियों को तेज कर दिया है। इसी क्रम में, समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के आह्वान और निर्देश पर सपा नेता फखरे अहमद शोबी बदायूं विधानसभा क्षेत्र के गांवों में लगातार ‘पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) पंचायत’ का आयोजन कर रहे हैं। इन पंचायतों में हर धर्म और जाति के लोग बड़ी संख्या में एकत्र होकर समाजवादी पार्टी की नीतियों पर भरोसा जता रहे हैं। इसी कड़ी में आज बदायूं विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम सभा बरातेगदार में एक विशाल सांगठनिक सभा का आयोजन किया गया, जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में पहुँचे फखरे अहमद शोबी का स्थानीय नागरिकों ने जोरदार स्वागत किया।
जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि फखरे अहमद शोबी ने कहा कि समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव आज उत्तर प्रदेश में दलित, पिछड़े, अल्पसंख्यक, मजदूर, किसान, आदिवासी और समाज के दबे-कुचले लोगों की मजबूत आवाज बन चुके हैं। वे प्रदेश के हर ज्वलंत मुद्दे पर जनता के अधिकारों की लड़ाई लड़ रहे हैं। उन्होंने वर्तमान व्यवस्था पर प्रहार करते हुए कहा कि आज पूरे हिंदुस्तान का किसान परेशान हाल है। किसानों को न तो समय पर और पर्याप्त मात्रा में खाद मिल पा रही है और न ही सिंचाई के लिए जरूरी बिजली उपलब्ध हो रही है। हर प्रशासनिक और जनहित के कार्य में दलाल सक्रिय हैं, जिससे आम जनता त्रस्त है।
सपा नेता शोबी ने ग्रामीणों को आश्वस्त करते हुए बड़ा चुनावी वादा किया और कहा कि, “प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनते ही किसानों को पर्याप्त और निर्बाध रूप से बिजली तथा खाद की उपलब्धता सुनिश्चित की जाएगी। इसके साथ ही, अन्नदाताओं की आर्थिक स्थिति को सुधारने के लिए किसानों पर लदे सारे कृषि कर्ज को पूरी तरह से माफ कर दिया जाएगा।” उन्होंने दावा किया कि सूबे की जनता अब इस व्यवस्था से ऊब चुकी है और वर्ष 2027 के चुनाव में सत्ता परिवर्तन करने का मन बना चुकी है। आने वाला समय निश्चित रूप से समाजवादी पार्टी का है। जनसभा में विशिष्ट अतिथि मोद प्रकाश पाल ने भी अपने विचार व्यक्त किए, जबकि कार्यक्रम का सफल संचालन आमिर सुल्तानी द्वारा किया गया।
ग्राम सभा बरातेगदार में आयोजित इस पीडीए पंचायत के दौरान क्षेत्र के अनेक संभ्रांत नागरिक और समाजवादी पार्टी के निष्ठावान कार्यकर्ता मौजूद रहे। इस अवसर पर मुख्य रूप से नरेंद्र सिंह, जाने आलम, सुरेंद्र सिंह, सतपाल सिंह, गिरीश सिंह, राजेंद्र सिंह, नेत्रपाल सिंह, अरविंद सिंह, रामबाबू सिंह, धर्मेंद्र सिंह, राजेश्वर सिंह, मुख्तार, शकील शाह, अकरम, तोताराम सक्सेना, राम मोहन सिंह, राजाराम दिवाकर और राजू सागर सहित भारी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
Budaun Amarprabhat