Breaking News

स्व. सरनाम सिंह यादव की स्मृति में विशाल पौधारोपण और पौध वितरण कार्यक्रम संपन्न

Spread the love

सांसद आदित्य यादव, पूर्व मंत्री आबिद रज़ा और पूर्व विधायक प्रेमपाल सिंह यादव रहे मुख्य रूप से मौजूद

बदायूं। शेखूपुर विधानसभा क्षेत्र के ग्राम टुंगसैय्या में स्व. सरनाम सिंह यादव की पावन स्मृति में एक भव्य और विशाल पौधारोपण एवं पौध वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के संयोजक पूर्व डी.जी.सी. (क्रिमिनल) जवाहर सिंह यादव एडवोकेट एवं भानू यादव रहे। इस वृहद सामाजिक आयोजन में मुख्य अतिथि के रूप में बदायूं के सांसद आदित्य यादव उपस्थित रहे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में पूर्व राज्यमंत्री व पूर्व विधायक आबिद रज़ा तथा पूर्व विधायक प्रेमपाल सिंह यादव ने शिरकत की।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन और स्व. सरनाम सिंह यादव के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। इसके उपरांत मुख्य अतिथि सांसद आदित्य यादव, पूर्व मंत्री आबिद रज़ा और पूर्व विधायक प्रेमपाल सिंह यादव के करकमलों द्वारा क्षेत्रीय किसान भाइयों व ग्रामीणों को हजारों की संख्या में फलदार वृक्षों की पौध का वितरण किया गया। इस दौरान आम, कटहल, अमरूद, करौंदा, जामुन, और आंवला जैसी बहुउपयोगी पौधों का वितरण किया गया। साथ ही, सांसद आदित्य यादव ने स्वयं अपने हाथों से परिसर में पौधे रोपित कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
जनसमूह को संबोधित करते हुए सांसद आदित्य यादव ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण की दिशा में यह एक बेहद सराहनीय और अनुकरणीय कदम है। वृक्ष ही मानव जीवन का मुख्य आधार हैं, और उनका संरक्षण करना हम सबका परम कर्तव्य है। उन्होंने अपने संबोधन में आगामी 2027 के विधानसभा चुनाव का जिक्र करते हुए विश्वास दिलाया कि प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर किसानों, बेरोजगारों और नौजवानों को उनका पूरा हक दिलाया जाएगा और हर वर्ग के साथ न्याय होगा।
विशिष्ट अतिथि आबिद रज़ा ने अपने ओजस्वी अंदाज में कहा कि लगाया गया हर एक पौधा ‘समाजवादी पौधा’ है। जैसे-जैसे यह पौधे पांच से छह माह में बड़े होंगे, वैसे-वैसे प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनने का मार्ग प्रशस्त होगा। उन्होंने दावा किया कि 2027 में किसान, शोषित, पीड़ित, बेरोजगार और नौजवान मिलकर प्रदेश में सपा की सरकार बनाएंगे। पूर्व विधायक प्रेमपाल सिंह यादव ने सभी को बधाई देते हुए कहा कि पौधे लगाने के साथ-साथ उनका संरक्षण करना भी अत्यंत आवश्यक है, क्योंकि यही हमारे जीवन की सच्ची आधारशिला हैं।
कार्यक्रम के आयोजक जवाहर सिंह यादव एडवोकेट ने सभी पधारे हुए मुख्य अतिथियों, विशिष्ट अतिथियों एवं प्रबुद्धजनों का माल्यार्पण कर, शॉल ओढ़ाकर और स्मृति चिन्ह भेंट कर भव्य स्वागत एवं अभिनंदन किया। समारोह की अध्यक्षता इटावा से पधारे आचार्य जगराम देव राष्ट्रीय अध्यक्ष, मानव उत्थान सेवा समिति ने की, जबकि मंच का कुशल संचालन वी.के. सिंह द्वारा किया गया।
इस अवसर पर जिला बार एसोसिएशन के महासचिव संदीप मिश्रा, सपा जिला महासचिव उदयवीर शाक्य, जिला उपाध्यक्ष सुनील यादव, बदायूं विधानसभा अध्यक्ष अतुल पटेल, पूर्व ब्लॉक प्रमुख कृष्ण पाल सिंह गुरु, अवनीश यादव, प्रधान अल्लापुर श्रीपाल सिंह, प्रधान फतेहपुर उदयवीर सिंह, प्रधान पतौरा रोहतास यादव, सोमेंद्र यादव, भानु यादव सहित बड़ी संख्या में क्षेत्र के सम्मानित प्रधान, पूर्व प्रधान और दूर-दराज से आए ग्रामीण उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में आयोजक मंडल ने सभी का आभार व्यक्त किया।


Spread the love

About Govind Deval

Check Also

रेलवे परिसर में 20 वर्षीय युवक का शव मिला

Spread the loveजीआरपी ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बरेली भेजा आसफपुर। स्थानीय …