दातागंज के सिंह ब्रदर्स कोल्ड स्टोरेज परिसर में भव्य सामाजिक समरसता संगोष्ठी का हुआ आयोजन

दातागंज। तहसील क्षेत्र के नगर स्थित सिंह ब्रदर्स कोल्ड स्टोरेज परिसर में शनिवार को भुर्जी समाज की ओर से एक भव्य सामाजिक समरसता संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्रभर से आए गणमान्य नागरिकों, प्रबुद्धजनों और समाज के विभिन्न वर्गों के लोगों ने भारी संख्या में सहभागिता की। इस गरिमामयी समारोह में क्षेत्र के लोकप्रिय विधायक राजीव कुमार सिंह (बब्बू भैया) मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम का भव्य शुभारंभ मुख्य अतिथियों द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया गया।
विशाल जनसमूह को मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित करते हुए क्षेत्रीय विधायक राजीव कुमार सिंह ने कहा कि विपक्षी दलों की हमेशा से ‘बांटो और राज करो’ की राजनीति रही है, जिसके विपरीत भारतीय जनता पार्टी ने हमेशा समाज के सभी वर्गों को एकजुट कर राष्ट्र को मजबूत करने का कार्य किया है। हमारी यही सामाजिक एकजुटता और समरसता देश की सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए कहा कि यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के ओजस्वी एवं दूरदर्शी नेतृत्व में आज संपूर्ण भारत विश्व पटल पर नई ऊंचाइयों को छू रहा है। वहीं, उत्तर प्रदेश के यशस्वी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी के सख्त मार्गदर्शन में हमारा प्रदेश विकास, कानून-व्यवस्था और सुशासन के पथ पर तेजी से आगे बढ़ रहा है।
विधायक ने भुर्जी समाज की सराहना करते हुए कहा कि इस समाज का अटूट परिश्रम, निष्ठा और राष्ट्रप्रेम हमारे सामाजिक ताने-बाने की सबसे मजबूत नींव है। हिंदुत्व की रक्षा, सांस्कृतिक मूल्यों और सामाजिक समरसता को संजोकर रखने में भुर्जी समाज का योगदान हमेशा से अत्यंत सराहनीय रहा है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए ब्लॉक प्रमुख दातागंज अतेंद्र विक्रम सिंह और प्रमुख भाजपा नेता अमित कुमार सिंह ने अपने विचार रखते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के मूल मंत्र ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ पर चलकर आज समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंच रहा है। भुर्जी समाज सहित सभी वर्गों को बिना किसी भेदभाव के पूरा मान-सम्मान और विकास के समान अवसर मिल रहे हैं। उन्होंने आह्वान किया कि हम सबको मिलकर दातागंज क्षेत्र में सामाजिक समरसता के ताने-बाने को और अधिक मजबूत करना होगा।
समारोह के अंतिम चरण में उपस्थित भुर्जी समाज के प्रबुद्धजनों,बुद्धिजीवियों एवं गणमान्य नागरिकों ने विधायक राजीव कुमार सिंह के नेतृत्व पर अपनी पूर्ण आस्था व्यक्त की। इस दौरान उपस्थित लोगों ने आगामी समय में भारतीय जनता पार्टी को अपना पूर्ण समर्थन देने की आधिकारिक घोषणा की। इस अवसर पर भारतीय जनता पार्टी आईटी के जिला सह संयोजक देवेश तोमर ने पार्टी के अन्य वरिष्ठ पदाधिकारियों के साथ मिलकर उपस्थित सैंकड़ों लोगों को डिजिटल माध्यम से पार्टी की ऑनलाइन सदस्यता भी ग्रहण कराई।
कार्यक्रम के दौरान क्षेत्र के तमाम प्रतिष्ठित लोग और प्रबुद्धजन उपस्थित रहे। प्रमुख रूप से वरिष्ठ पत्रकार सतीश सक्सेना दातागंज, अध्यापक दिनेश सक्सेना उसावां, डॉ. श्रीनिवास सक्सेना भटौली, चन्द्रपाल सक्सेना दातागंज, रामपाल सक्सेना दातागंज, राजेश सक्सेना झुकसा, डॉ. चन्द्रपाल सक्सेना भटौली, धर्मेंद्र सक्सेना झुकसा, डॉ. विनोद सक्सेना कटरा, श्यामपाल सक्सेना सिमरिया, और विकास सक्सेना दातागंज सहित अनेक गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। कार्यक्रम का बहुत ही ओजस्वी और सुंदर संचालन विपिन गुप्ता द्वारा किया गया।
समारोह के समापन पर आयोजक मंडल की ओर से मुख्य अतिथि विधायक राजीव कुमार सिंह, ब्लॉक प्रमुख तथा पधारे हुए सभी प्रबुद्ध नागरिकों का हार्दिक धन्यवाद एवं आभार प्रकट किया गया।
Budaun Amarprabhat