Breaking News

गंगा के कटान में समाया पूर्व माध्यमिक विद्यालय का 80 फीसदी हिस्सा

Spread the love

डेढ़ सौ बीघा जमीन गंगा में समाई, पंचायत भवन भी कटान की जद में; कई गांवों का संपर्क मार्ग बंद

उसहैत। गंगा नदी में लगातार बढ़ रहे जलस्तर के साथ कटान ने क्षेत्र में हालात गंभीर कर दिए हैं। कदम नगला में गंगा के कटान से सरकारी पूर्व माध्यमिक विद्यालय का करीब 80 फीसदी हिस्सा नदी में समा गया है। वहीं पंचायत भवन भी कटान की जद में पहुंच गया है। ग्रामीणों के अनुसार पिछले 24 घंटे में करीब डेढ़ सौ बीघा जमीन गंगा नदी में समा चुकी है।

स्थिति का जायजा लेने अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व महेंद्र श्रीवास्तव ने दातागंज के उपजिलाधिकारी विनोद कुमार सिंह के साथ जटा, प्रेमी नगला, रैपुरा, कदम नगला और दलनगला का निरीक्षण किया। उन्होंने ग्रामीणों को सतर्क रहने के निर्देश दिए। साथ ही एसडीएम को बाढ़ प्रभावित लोगों की सुरक्षा के लिए बेहतर इंतजाम करने को कहा।

एसडीएम विनोद कुमार सिंह ने बताया कि क्षेत्र में तीन मोटर बोट लगातार संचालित की जा रही हैं, जबकि छह गोताखोरों को तैनात किया गया है। बाढ़ प्रभावित इलाकों में राजस्व टीमों को लगाया गया है, जो लगातार स्थिति की रिपोर्ट दे रही हैं। कदम नगला में कटान वाले स्थान पर ग्रामीणों को नहीं जाने के लिए अलर्ट किया गया है। राजस्व टीमों को ग्रामीणों की हरसंभव मदद के निर्देश दिए गए हैं।

बच्चों और स्कूल का सामान दूसरे विद्यालय में शिफ्ट

उसावां के खंड शिक्षा अधिकारी ज्योति प्रकाश तिवारी ने बताया कि विशेष परिस्थिति को देखते हुए कदम नगला के पूर्व माध्यमिक विद्यालय का सामान और छात्र-छात्राओं को प्राथमिक विद्यालय दलनगला में शिफ्ट कर दिया गया है। प्रधानाध्यापक को विद्यालय की क्षतिग्रस्त इमारत में बच्चों को प्रवेश न देने के निर्देश दिए गए हैं।

अहमदनगर बछौरा स्कूल पर भी कटान का खतरा

गंगा पार के कई इलाकों में पानी भर गया है। इस ओर अहमदनगर बछौरा, भखरी, बेहटी और असमयारफतपुर के खेत भी जलमग्न हैं। अहमदनगर बछौरा स्थित प्राथमिक विद्यालय के पास भी गंगा का कटान शुरू हो गया है, जिससे स्कूल के नदी में समा जाने का खतरा बढ़ गया है। एहतियात के तौर पर यहां के बच्चों को पहले ही दूसरे विद्यालय में शिफ्ट किया जा चुका है।

पुलिया के ऊपर दो फीट पानी, कई गांवों का संपर्क कटा

जलस्तर बढ़ने के कारण जटा जाने वाली पुलिया के ऊपर करीब दो फीट पानी बह रहा है। इसके चलते जटा, प्रेमी नगला, कमलैयापुर, जसवंत नगला, रैपुरा और कदम नगला जाने वाला मार्ग बंद हो गया है। ग्रामीणों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

इधर कानूनगो के नेतृत्व में लेखपाल राकेश कुमार सिंह, अखिल प्रताप सिंह और रामप्रताप सिंह बाढ़ चौकी अटेना पर तैनात हैं। राजस्वकर्मी बाढ़ प्रभावित लोगों की मदद करने के साथ ही लगातार हालात पर नजर बनाए हुए हैं।


Spread the love

About Govind Deval

Check Also

लगातार दूसरी बार पी.एम.एस. संघ बदायूँ के जिला अध्यक्ष बने डॉ. राजेश कुमार वर्मा

Spread the love90.36% मतदान के बीच संपन्न हुए चुनाव, सचिव पद पर डॉ. मोहित यादव …