मुजरिया। सावन माह के पवित्र अवसर पर शिवरात्रि के दिन शिवालयों में जलाभिषेक करने जा रहे कांवड़ियों की दो बाइकों की आमने-सामने हुई जोरदार टक्कर में चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। यह दर्दनाक हादसा मुजरिया से वितरोई मार्ग के मध्य विचोला टप्पा जामिनी गांव के पास हुआ। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सक्षम उपाध्याय निवासी अजमेरी नगला, थाना जुनावई, जनपद संभल अपने साथी दुर्वेस पुत्र राम बहादुर, निवासी बघोली, थाना उघैती, जनपद बदायूं के साथ अपनी बाइक से कछला गंगा घाट पर जल लेने जा रहे थे।
इसी दौरान सामने से कछला गंगा घाट से जल भरकर लौट रहे मोहित पुत्र रामकिशोर और सत्यराम पुत्र रामनिवास, दोनों निवासी नगला हरी उर्फ हसनपुर लोधा, थाना सहसवान की बाइक से उनकी आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई। यह टक्कर विचोला टप्पा जामिनी गांव के निकट हुई, जिससे दोनों बाइकों पर सवार चारों कांवड़िए सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए एंबुलेंस से भेजा अस्पताल
घटना की जानकारी मिलते ही कांवड़ यात्रा की सुरक्षा में तैनात स्थानीय पुलिसकर्मी तुरंत मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने बिना देरी किए 108 एंबुलेंस को फोन किया और चारों घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सहसवान भिजवाया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
सावन के इस पावन महीने में कांवड़ यात्रा के दौरान यातायात नियमों की अनदेखी और अनियिमितताओं के कारण आए दिन इस तरह की मार्ग दुर्घटनाएं सामने आ रही हैं, जो चिंता का विषय बनती जा रही हैं।
Budaun Amarprabhat