
गंगास्नान के बाद श्रद्धालुओं ने किया पूजन-हवन, कांवड़ियों ने गंगा जल भरकर की यात्रा शुरू
कछला। सावन माह की अमावस्या के अवसर पर कछला के भागीरथ गंगा घाट और कश्यप घाट पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। सुबह से ही दूर-दराज क्षेत्रों से पहुंचे श्रद्धालुओं ने गंगा में आस्था की डुबकी लगाकर भगवान गणेश, भोलेनाथ और मां गंगा का पूजन किया। श्रद्धालुओं ने भजन-कीर्तन और हवन-पूजन के बाद प्रसाद ग्रहण किया।
कछला को महर्षि कश्यप ऋषि की पत्नी इला की तपोभूमि से भी जोड़ा जाता है। अमावस्या के अवसर पर बड़ी संख्या में महिलाएं, बच्चे और शिवभक्त गंगा घाट पहुंचे। श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और गंगा जल भरकर कांवड़ यात्रा शुरू की।
कांवड़ियों के जत्थे बरेली के सीबीगंज, बीसलपुर, बिलसंडा, पीलीभीत के साथ मध्य प्रदेश के ग्वालियर, भिंड, भोपाल और इंदौर समेत विभिन्न क्षेत्रों की ओर रवाना हुए। कांवड़िए गंगा जल लेकर भगवान शिव का जलाभिषेक करने के लिए अपने गंतव्य की ओर रवाना हुए। घाट और आसपास का क्षेत्र हर-हर महादेव तथा हर-हर गंगे के जयकारों से गूंजता रहा।
श्रद्धालुओं की सुरक्षा और व्यवस्था को लेकर कछला घाट पर पुलिस प्रशासन तैनात रहा। नगर पंचायत चेयरमैन जगदीश सिंह चौहान, कुलदीप कश्यप, नसीम अहमद और नीरज शाक्य समेत अन्य लोग व्यवस्था में सहयोग करते नजर आए।
रिपोर्ट: सुखदेवी कश्यप
Budaun Amarprabhat