चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों को संक्रमण से बचाव, लक्षण और उपचार की दी जानकारी
बदायूं। स्वाइन फ्लू वायरस के संक्रमण को लेकर सोमवार को राजकीय मेडिकल कॉलेज, बदायूं में जागरूकता संगोष्ठी आयोजित की गई। मेडिकल कॉलेज के लेक्चर थिएटर-3 में आयोजित कार्यक्रम में चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों को स्वाइन फ्लू के लक्षण, बचाव और उपचार के संबंध में जानकारी दी गई।
कार्यक्रम का आयोजन मेडिकल कॉलेज के प्रधानाचार्य प्रो. डॉ. शिव कुमार के निर्देशन में किया गया। माइक्रोबायोलॉजी विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. वशिष्ठ मिश्रा के मार्गदर्शन में कार्यक्रम संचालित हुआ। डॉ. निगार फातिमा ने समन्वयक की भूमिका निभाई।
संगोष्ठी में विभिन्न विभागों के विशेषज्ञों ने स्वाइन फ्लू वायरस से होने वाले संक्रमण, इसके प्रमुख लक्षण, बचाव और उपचार के बारे में विस्तार से बताया। स्वास्थ्यकर्मियों को संक्रमण से बचाव के लिए मास्क का प्रयोग करने, हाथों की नियमित स्वच्छता बनाए रखने और संक्रमित व्यक्ति से उचित दूरी रखने की सलाह दी गई। आवश्यकता के अनुसार वैक्सीनेशन के संबंध में भी जानकारी दी गई।
उप-प्रधानाचार्य डॉ. नेहा सिंह ने कहा कि स्वाइन फ्लू से बचाव के लिए जागरूकता और समय पर सावधानी जरूरी है। उन्होंने रोगियों के संपर्क में रहने वाले फ्रंटलाइन स्वास्थ्यकर्मियों को आवश्यकतानुसार वैक्सीनेशन कराने और नियमित जांच पर ध्यान देने के निर्देश दिए।
उन्होंने बताया कि स्वाइन फ्लू एवं अन्य संक्रामक रोगों के मरीजों के लिए अलग ओपीडी काउंटर चिन्हित किया गया है। मेडिकल कॉलेज की बीएसएल लैब में स्वाइन फ्लू की जांच के लिए पर्याप्त आरटी-पीसीआर किट उपलब्ध हैं। अस्पताल में आवश्यक औषधियों और ऑक्सीजन की भी पर्याप्त व्यवस्था होने की जानकारी दी गई।
इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. रितुज अग्रवाल समेत विभिन्न विभागों के चिकित्सक, संकाय सदस्य, जूनियर व सीनियर रेजीडेन्ट तथा स्वास्थ्यकर्मी मौजूद रहे।
Budaun Amarprabhat