सिविल लाइन थाने में मुकदमा दर्ज, आरोपी की तलाश में पुलिस टीमें गठित
बदायूं। थाना सिविल लाइन में दर्ज एक मामले में गिरफ्तार किया गया वांछित अभियुक्त पुलिस अभिरक्षा के दौरान मौका पाकर फरार हो गया। घटना के बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने संबंधित तीन पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। वहीं फरार अभियुक्त की तलाश के लिए पुलिस की टीमें गठित की गई हैं।
पुलिस के अनुसार, थाना सिविल लाइन में पंजीकृत मुकदमा अपराध संख्या 561/2025, धारा 109(1)/115(2) बीएनएस में वांछित अभियुक्त सुरजन सिंह यादव पुत्र राम बहादुर, निवासी ग्राम फिरोजपुर इकलहरी, थाना सिविल लाइन, बदायूं, उम्र करीब 38 वर्ष को 7 सितंबर को गिरफ्तार कर थाने लाया गया था।
पूछताछ के दौरान अभियुक्त मौका पाकर पुलिस अभिरक्षा से फरार हो गया। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस विभाग में कार्रवाई शुरू की गई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने ड्यूटी में तैनात उपनिरीक्षक सचिन यादव, आरक्षी सतेन्द्र कुमार और आरक्षी सनी वर्मा को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया।
पुलिस के मुताबिक, घटना के संबंध में थाना सिविल लाइन पर अभियोग पंजीकृत कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। फरार अभियुक्त की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों को लगाया गया है और संभावित स्थानों पर तलाश की जा रही है।
Budaun Amarprabhat