तीर्थंकर महावीर यूनिवर्सिटी, मुरादाबाद के कॉलेज ऑफ फिजिकल एजुकेशन की ओर से तीन दिनी बालक वर्ग वॉलीबाल चैंपियनशिप के सेमीफाइनल मुकाबलों में शानदार प्रदर्शन करते हुए सेमीफाइनल में दोनों टीमों ने 2-0 से दर्ज की जीत
ख़ास बातें
पायनियर अकेडमी, जसपुर ने सेंट मैरी कॉन्वेंट, अमरोहा को 2-0 से शिकस्त दी
पायनियर अकेडमी की जीत में उदित मनीष ने 17 अंक बनाकर निभाई अहम भूमिका
जेपी पब्लिक स्कूल, चांदपुर ने कर्मा शिक्षा पब्लिक स्कूल, रामनगर को 2-0 से हराया
जेपी पब्लिक स्कूल के रुद्र शर्मा ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए अर्जित किए 21 अंक
मुरादाबाद। तीर्थंकर महावीर यूनिवर्सिटी, मुरादाबाद के कॉलेज ऑफ फिजिकल एजुकेशन की ओर से तीन दिनी बालक वर्ग वॉलीबाल चैंपियनशिप के सेमीफाइनल मुकाबलों में शानदार प्रदर्शन करते हुए उत्तराखंड के जसपुर की पायनियर अकेडमी, और बिजनौर के चांदपुर के जेपी पब्लिक स्कूल ने सीधे सेटों में 2-0 से जीत दर्ज कर फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली है। सेमीफाइनल मुकाबलों के बाद अब सभी की निगाहें फाइनल पर टिकी हैं, जिसमें पायनियर अकेडमी, जसपुर और जेपी पब्लिक स्कूल, चांदपुर खिताब के लिए आज आमने-सामने होंगी। इससे पूर्व पायनियर अकेडमी, जसपुर, बनाम सेंट मैरी स्कूल, अगवानपुर, सेंट मैरी कॉन्वेंट, अमरोहा बनाम विल्सोनिया स्कॉलर्स होम, मुरादाबाद, जेपी पब्लिक स्कूल, चांदपुर बनाम ग्रेट मिशन पब्लिक स्कूल, रामनगर और कर्मा शिक्षा पब्लिक स्कूल, रामनगर बनाम आरआरके, मुरादाबाद के बीच क्वार्टर फाइनल के रोमांचक मुकाबले हुए। अंततः क्वार्टर फाइनल मुकाबलों में पायनियर अकेडमी, सेंट मैरी कॉन्वेंट, जेपी पब्लिक स्कूल और कर्मा शिक्षा पब्लिक स्कूल ने जीत दर्ज की।
पायनियर अकेडमी से सुरेंद्र सिंह, सेंट मैरी कॉन्वेंट से प्रियांशु चौधरी, जेपी पब्लिक स्कूल से आर. शर्मा और कर्मा शिक्षा पब्लिक स्कूल से रोहित नेगी ने अपनी-अपनी टीमों के लिए दमदार प्रदर्शन किया। सेमीफाइनल में पायनियर अकेडमी, जसपुर ने सेंट मैरी कॉन्वेंट, अमरोहा को 2-0 से शिकस्त दी। मुकाबले में पायनियर अकेडमी के खिलाड़ियों ने बेहतर तालमेल, आक्रामक खेल और प्रभावी रणनीति का परिचय दिया। पायनियर अकेडमी की जीत में उदित मनीष ने अहम भूमिका निभाई। उनके शानदार प्रदर्शन ने टीम को निर्णायक बढ़त दिलाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया। दूसरी ओर जेपी पब्लिक स्कूल, चांदपुर ने कर्मा शिक्षा पब्लिक स्कूल, रामनगर-उत्तराखंड को 2-0 से हराकर खिताबी मुकाबले में फाइनल का टिकट कटा लिया। इस मैच में जेपी पब्लिक स्कूल के रुद्र शर्मा ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन करते हुए 21 अंक अर्जित किए। उनके प्रभावशाली प्रदर्शन ने टीम की जीत में निर्णायक भूमिका निभाई। चैंपियनशिप में लक्ष्य, अंशिका, निर्दाेष, पाखी, साहिल, मुफस कुरैशी, दीक्षा, मोहिनी और अयान ने स्कोरर और रेफरी के रूप में अपनी भूमिका का निर्वहन किया।
Budaun Amarprabhat