पूर्व संध्या पर बदायूं। कादरचौक स्थित प्राथमिक विद्यालय अन्तुईया में शिक्षक दिवस की पूर्व संध्या पर भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर ग्राम प्रधान अनारकली मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन और सरस्वती वंदना के साथ हुई। इसके बाद बच्चों ने गीत, नृत्य, कविताएं और नाट्य प्रस्तुतियां देकर दर्शकों का मन मोह लिया। मंच पर बच्चों ने डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के जीवन और उनके शिक्षा दर्शन पर भी विशेष प्रस्तुति दी, जिसे खूब सराहना मिली।
ग्राम प्रधान अनारकली ने विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं को सम्मानित करते हुए कहा कि *”शिक्षक वह दीपक हैं, जो खुद जलकर समाज को प्रकाश देते हैं।”* उन्होंने शिक्षकों से नई पीढ़ी को संस्कार और शिक्षा का उत्तम संयोजन देने का आह्वान किया। साथ ही बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें परिश्रम, अनुशासन और समर्पण को जीवन का मूल मंत्र बनाने की सलाह दी।
इस अवसर पर विद्यालय प्रधानाध्यापक जमीर अहमद ने ग्राम प्रधान अनारकली का स्वागत करते हुए कहा कि उनके मार्गदर्शन और सहयोग से शिक्षा व्यवस्था और अधिक मजबूत होगी। शिक्षकों ने भी सम्मान पाकर स्वयं को गौरवान्वित महसूस किया। काजिम अली सहायक अध्यापक ने कहा, *”यह सम्मान हमें और अधिक जिम्मेदारी के साथ कार्य करने की प्रेरणा देता है।”*
कार्यक्रम के अंत में धन्यवाद ज्ञापन किया गया और बच्चों को मिठाई व पुरस्कार वितरित किए गए। समारोह में विद्यालय प्रधानाध्यापक, अध्यापकगण, छात्र-छात्राएँ और अभिभावक बड़ी संख्या में मौजूद रहे। वातावरण शिक्षक दिवस की गरिमा और उत्साह से सराबोर रहा।
Budaun Amarprabhat