बिसौली ( आई एम खान संवाददाता)।
नगर में आए दिन लगने वाले भीषण जाम से परेशान व्यापारियों का सब्र सोमवार को टूट गया। उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के नगर अध्यक्ष कृष्ण अवतार शर्मा के नेतृत्व में व्यापारियों ने तहसील परिसर पहुंचकर जोरदार प्रदर्शन किया और मुख्यमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन एसडीएम के स्टेनो जहीर आलम को सौंपा।
व्यापारियों ने आरोप लगाया कि नगर में जाम की समस्या दिन-ब-दिन विकराल होती जा रही है। मुख्य मार्गों पर अवैध वाहन पार्किंग और अतिक्रमण के कारण घंटों तक यातायात बाधित रहता है। कृष्ण अवतार शर्मा ने कहा कि लगातार लगने वाले जाम से उनका व्यापार ठप हो गया है। मरीजों को अस्पताल पहुंचने में देरी होती है, जबकि स्कूल बसें भी समय से नहीं पहुंच पातीं, जिससे बच्चों को भारी परेशानी उठानी पड़ रही है।
नगर महामंत्री धर्मेन्द्र कुमार वार्ष्णेय ने कहा कि जाम की समस्या सिर्फ व्यापारियों की नहीं, बल्कि आम जनता की भी है। राहगीर, स्कूली बच्चे और वाहन चालक सभी इस समस्या से त्रस्त हैं। उन्होंने प्रशासन से नगर में यातायात व्यवस्था दुरुस्त कराने और अतिक्रमण हटवाने की मांग की।
व्यापारियों ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र ही ठोस कदम नहीं उठाए गए तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे।
Budaun Amarprabhat