
संवाददाता : गोविंद देवल
बदायूं। ब्लूमिंगडेल स्कूल का होनहार छात्र अमन सिंह अपने सपनों की उड़ान सच कर चुके हैं। एन०डी०ए० में फ्लाइंग ऑफिसर पद हेतु प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूरा कर अमन ने न केवल अपने माता-पिता का, बल्कि पूरे स्कूल का गौरव बढ़ा दिया है।
अमन सिंह प्रारंभ से ही अत्यंत प्रतिभाशाली और अनुशासनप्रिय छात्र के रूप में पहचाने जाते रहे हैं। वर्ष 2022 में विज्ञान वर्ग में 98% अंक हासिल कर उन्होंने अपनी शैक्षणिक दक्षता का शानदार प्रमाण दिया था। यही नहीं, 10वीं की परीक्षा उत्तीर्ण करते ही अमन ने प्रथम प्रयास में ही एन०डी०ए० की प्रवेश परीक्षा पास कर अपनी असाधारण प्रतिभा सबके सामने रख दी थी। उनकी सफलता से प्रेरित होकर अनेक विद्यार्थी आज लक्ष्य साधने की दिशा में प्रयासरत हैं।
इस अविस्मरणीय उपलब्धि पर विद्यालय प्रबंधन ने अमन सिंह को सम्मानित किया। स्कूल अध्यक्षा पम्मी मेहंदीरत्ता ने कहा कि यदि विद्यार्थियों में लक्ष्य प्राप्ति की दृढ़ इच्छाशक्ति हो, तो कोई परिस्थिति उन्हें रोक नहीं सकती—अमन इसका उत्कृष्ट उदाहरण हैं।
फ्लाइंग ऑफिसर पद पर नियुक्त अमन ने अपनी सफलता के अनुभव साझा करते हुए कहा कि यह उपलब्धि उनके माता-पिता, स्कूल प्रबंधन, शिक्षकों और सहयोगियों के निरंतर मार्गदर्शन व आशीर्वाद की देन है। उन्होंने छात्रों को संदेश दिया कि निरंतर प्रयास और अनुशासन ही सफलता की चाबी हैं।
इस मौके पर विद्यालय की निदेशक ज्योति मेहंदीरत्ता, मैनेजिंग हेड ईशान एवं श्वेता मेहंदीरत्ता, प्रधानाचार्य संजीव सिंह राठौर, उपप्रधानाचार्य परशुराम मिश्रा, कॉर्डिनेटर अंजला सोनी, एन०सी०सी० लेफ्टिनेंट अपर्णा यादव समेत सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं ने अमन को शुभकामनाएँ दीं और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस सुअवसर पर पूरा विद्यालय परिवार उपस्थित रहा और अमन की इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर गर्व महसूस किया।
Budaun Amarprabhat