संवाददाता
बदायूं। जन दृष्टि (व्यवस्था सुधार मिशन) के तत्वावधान में विश्व भ्रष्टाचार निरोधक दिवस पर भ्रष्टाचार मुक्ति अभियान के पदाधिकारी व कार्यकर्ता मालवीय आवास गृह, बदायूं में एकत्र हुए। कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्र राग “रघुपति राघव राजाराम…” के सामूहिक कीर्तन से हुई। इसके उपरांत ध्येय गीत “जीवन में कुछ करना है तो मन को मारे मत बैठो…” का सामूहिक गायन किया गया तथा भारतीय संविधान की प्रस्तावना का वाचन कर संविधान मूल्यों के प्रति आस्था प्रकट की गई।
कार्यक्रम में जिलाधिकारी बदायूं के माध्यम से राष्ट्रपति व राज्यपाल को छह सूत्रीय मांगपत्र प्रेषित किया गया। इसके पश्चात जनहित के विषयों पर निरंतर सूचना मांगकर समाज को जागरूक करने वाले प्रसिद्ध सूचना कार्यकर्ता आर्येंद्र पाल सिंह को अंगवस्त्र भेंटकर तथा माल्यार्पण कर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर विचार प्रकट करते हुए जन दृष्टि (व्यवस्था सुधार मिशन) के संस्थापक/अध्यक्ष हरि प्रताप सिंह राठोड़ एडवोकेट ने कहा कि आज़ादी के बाद से अब तक पारदर्शिता और भ्रष्टाचार उन्मूलन हेतु कई प्रभावी कानून बनाए गए, लेकिन अनेक विधानों का क्रियान्वयन अधूरा है। कई कानून भ्रष्ट तत्वों की वजह से निष्प्रभावी हो चुके हैं। उन्होंने कहा कि लोकपाल अधिनियम की धारा 63 के अनुसार सभी राज्यों में लोकायुक्त नियुक्त किए जाने चाहिए, जो आज तक पूर्ण नहीं हो पाया। व्हिसिल ब्लोअर प्रोटेक्शन बिल वर्षों से लंबित है तथा सूचना का अधिकार अधिनियम को कमजोर करने के प्रयास भी चल रहे हैं।
श्री राठोड़ ने यह भी कहा कि विभागवार सबसे भ्रष्ट और सबसे ईमानदार कार्मिकों की सूची प्रतिवर्ष सार्वजनिक की जानी चाहिए तथा ईमानदार अधिकारियों का सम्मान किया जाना चाहिए। उन्होंने रिश्वतखोरी, कमीशनखोरी, मिलावटखोरी और कालाबाजारी पर कड़े प्रावधानों की मांग की, यहाँ तक कि मृत्यु दण्ड तक के लागू किए जाने की बात कही। साथ ही यह भी उल्लेख किया कि संसद के शीतकालीन सत्र में आज भ्रष्टाचार निरोधक दिवस के अवसर पर किसी भी दल ने इस विषय को नहीं उठाया, अतः संगठन लोकसभा अध्यक्ष को पत्र लिखकर इन विषयों पर विशेष चर्चा की मांग करेगा।
कार्यक्रम में जन दृष्टि व्यवस्था सुधार मिशन के मार्गदर्शक धनपाल सिंह, संरक्षक एम.एल. गुप्ता, सुरेश पाल सिंह चौहान, प्यारेलाल, केंद्रीय कार्यालय प्रभारी राम गोपाल, प्रदेश समन्वयक सतेंद्र सिंह गहलोत, मंडल समन्वयक एम.एच. कादरी, जिला समन्वयक आर्येंद्र पाल सिंह, प्रमोद कुमार, ज्ञानदीप शर्मा, कृष्ण गोपाल, नेत्रपाल, रामपाल सहित अनेक कार्यकर्ता और सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कार्यक्रम राष्ट्रहित और भ्रष्टाचार मुक्त भारत के संकल्प के साथ सम्पन्न हुआ।
Budaun Amarprabhat