बिसौली | संवाददाता: आई. एम. खान
बिसौली क्षेत्र में विद्युत विभाग द्वारा स्मार्ट मीटर लगाने की प्रक्रिया अब तेज गति से चल रही है। विद्युत वितरण खंड बिसौली के अधिशासी अभियंता नरेंद्र चौधरी ने बताया कि विभाग का लक्ष्य पुराने मैकेनिकल और इलेक्ट्रॉनिक मीटरों को हटाकर शत-प्रतिशत स्मार्ट मीटरिंग लागू करना है।
उन्होंने बताया कि बिसौली डिवीजन में कुल 10,611 बिजली कनेक्शनों पर स्मार्ट मीटर लगाए जाने हैं, जिनमें से अब तक 2,170 से अधिक घरों में स्मार्ट मीटर लगाए जा चुके हैं। शेष उपभोक्ताओं के यहां भी जल्द ही स्मार्ट मीटर लगा दिए जाएंगे। इससे न सिर्फ बिजली आपूर्ति व्यवस्था बेहतर होगी, बल्कि उपभोक्ताओं को भी कई सुविधाएं मिलेंगी।
अधिशासी अभियंता ने उपभोक्ताओं से अपील की कि स्मार्ट मीटर लगवाते समय अपना सही मोबाइल नंबर अनिवार्य रूप से रजिस्टर कराएं, ताकि उन्हें समय पर बिल और बैलेंस से संबंधित संदेश मिल सकें। उन्होंने कहा कि स्मार्ट मीटर लगने से गलत रीडिंग और एवरेज बिलिंग जैसी समस्याएं पूरी तरह समाप्त हो जाएंगी, क्योंकि मीटर का डाटा सीधे सर्वर पर अपडेट होता है।
उन्होंने बताया कि स्मार्ट मीटर के माध्यम से उपभोक्ताओं को अब कार्यालयों के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। मोबाइल ऐप के जरिए उपभोक्ता अपनी बिजली खपत की रियल-टाइम जानकारी आसानी से देख सकेंगे।
इसके अलावा यदि किसी उपभोक्ता को मीटर रीडिंग या बिल को लेकर कोई समस्या महसूस होती है, तो वह तुरंत विभाग के टोल फ्री नंबर 1912 पर शिकायत दर्ज करा सकता है। विभाग का दावा है कि स्मार्ट मीटरिंग से पारदर्शिता बढ़ेगी और उपभोक्ताओं को बेहतर सेवाएं मिलेंगी।
Budaun Amarprabhat