Breaking News

अमृत योजना की पाइपलाइन पर सवाल, सभासदों ने सीएम से की उच्चस्तरीय जांच की मांग

Spread the love

बिल्सी। नगर पालिका परिषद बिल्सी में बिछाई जा रही पेयजल पाइपलाइन को लेकर सभासदों ने गंभीर अनियमितताओं के आरोप लगाए हैं। इस संबंध में सभासदों ने मुख्यमंत्री को संबोधित शिकायती पत्र उत्तर प्रदेश शासन को भेजते हुए जांच की मांग की है।
पत्र में कहा गया है कि अमृत योजना के अंतर्गत कराए जा रहे पाइपलाइन कार्य में मानकों की अनदेखी की जा रही है। आरोप है कि कई स्थानों पर पुरानी लाइन हटाए बिना ही नई पाइपलाइन डाली जा रही है। पाइप की गुणवत्ता और निर्धारित गहराई को लेकर भी सवाल उठाए गए हैं।
सभासदों का कहना है कि तकनीकी मानकों का पालन नहीं होने से भविष्य में जलापूर्ति बाधित होने और सड़कों के धंसने की आशंका बनी रहेगी। उनका आरोप है कि संबंधित अधिकारियों से कई बार शिकायत करने के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।
शाहनवाज अल्वी, नगमा बेगम, धर्मवीर सिंह, मनीष, सूरज, अजीत सिंह और राजीव कुमार सहित अन्य सभासदों ने मुख्यमंत्री से पूरे प्रकरण की उच्चस्तरीय जांच कराने तथा दोषी अधिकारियों व ठेकेदार के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की है। साथ ही कार्य को निर्धारित मानकों के अनुरूप दोबारा कराने की भी मांग की गई है, ताकि नगरवासियों को शुद्ध और नियमित पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित हो सके।


Spread the love

About Govind Deval

Check Also

भाजपा के नवनियुक्त क्षेत्रीय पदाधिकारियों का हुआ स्वागत

Spread the loveबदायूं, 5 सितंबर। भाजपा ब्रज क्षेत्र के नवनियुक्त क्षेत्रीय महामंत्री राजेश्वर सिंह पटेल …