तीन दिन बाद भी आरोपियों की गिरफ्तारी न होने से पीड़िता में आक्रोश
संवाददाता : गोविंद देवल
सहसवान (बदायूं)। कोतवाली सहसवान क्षेत्र में एक महिला ने कुछ युवकों पर घर में घुसकर मारपीट और बदसलूकी करने का आरोप लगाया है। पीड़िता का कहना है कि घटना के तीन दिन बाद भी पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई नहीं की, जिसके चलते उसने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र देकर न्याय की गुहार लगाई है।
मोहल्ला निनौहार निवासी रूपाली पुत्री आकाश ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि होली के दिन वह अपने घर में बैठी थी। इसी दौरान विक्की पुत्र रामलाल अपने कुछ साथियों के साथ शराब के नशे में उसके घर पहुंच गया और गाली-गलौज करने लगा। जब उसने इसका विरोध किया तो आरोपियों ने उसके साथ मारपीट कर दी।
पीड़िता के अनुसार शोर सुनकर जब उसकी बहन बचाने आई तो आरोपियों ने उसके साथ भी बदसलूकी की और मारपीट की। इस दौरान आरोपियों पर उसकी बहन का मोबाइल फोन छीनने का भी आरोप है।
हंगामा सुनकर मोहल्ले के लोग मौके पर पहुंच गए, जिन्हें देखकर आरोपी वहां से भाग निकले। जाते समय उन्होंने दोनों बहनों को जान से मारने की धमकी भी दी। मारपीट में दोनों बहनों को चोटें आई हैं।
पीड़िता का आरोप है कि घटना के संबंध में पुलिस को तहरीर देने के बावजूद तीन दिन बाद भी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई। इससे आरोपियों के हौसले बुलंद हैं।
इसी को लेकर शुक्रवार को पीड़िता ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र देकर मामले में आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
Budaun Amarprabhat