बदायूं। जनपद में अपराध की रोकथाम और वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के अभियान के तहत मुजरिया थाना पुलिस ने फर्जी लूट की घटना का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर लूटी गई रकम में से 1,15,520 रुपये भी बरामद कर लिए हैं।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. बृजेश कुमार सिंह के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण के मार्गदर्शन तथा क्षेत्राधिकारी सहसवान के पर्यवेक्षण में मुजरिया थाना पुलिस ने यह कार्रवाई की।
पुलिस के अनुसार 10 मार्च 2026 को रिकवरी एजेंट अभिनय मिश्रा पुत्र मुरलीधर निवासी ग्राम दहलिया थाना परौर जनपद शाहजहांपुर ने थाना मुजरिया में सूचना दी थी कि समिति से वसूले गए 1,40,640 रुपये ग्राम कोल्हाई और सराय मंशुख के रास्ते में अज्ञात बदमाशों ने लूट लिए हैं। इस संबंध में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की।
विवेचना के दौरान पुलिस की पूछताछ में चौंकाने वाला खुलासा हुआ। पता चला कि माइक्रो फाइनेंस कंपनी शिखर अर्बन एंड रूरल एंटरप्राइजेज प्रा. लि. की सहसवान शाखा के प्रबंधक विपिन पुत्र भगवानदास निवासी ग्राम नवादा श्यामपुर थाना जहांनाबाद जनपद पीलीभीत और रिकवरी एजेंट अभिनय मिश्रा ने मिलकर रिकवरी के पैसे हड़पने के लिए लूट की झूठी कहानी गढ़ी थी।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्होंने समिति के सदस्यों से वसूले गए पैसों में से 25,510 रुपये ऑनलाइन कंपनी खाते में जमा कर दिए, जबकि 1,15,520 रुपये नकद एक गमछे में बांधकर घटनास्थल के पास पेड़-झाड़ियों में छिपा दिए थे। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर उक्त रकम बरामद कर ली।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को 12 मार्च 2026 को ग्राम कोल्हाई व सराय मंशुख मार्ग से गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी व बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 309(4), 317(2) और 61(2) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई है। आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।
गिरफ्तारी करने वाली टीम:
थाना प्रभारी मुजरिया निरीक्षक विदेश कुमार शर्मा, प्रभारी सर्विलांस उपनिरीक्षक धर्वेंद्र सिंह सहित पुलिस टीम शामिल रही।
Budaun Amarprabhat