संवाददाता असलम
इस्लामनगर।
महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा एवं सशक्तिकरण को लेकर चलाए जा रहे मिशन शक्ति फेज-5 अभियान के तहत थाना इस्लामनगर पुलिस ने गुरुवार को क्षेत्र में जागरूकता की अलख जगाई। मिशन शक्ति टीम की महिला पुलिस कर्मी प्रिया शर्मा व साथियों ने मोहल्ला जमनी, चौक, मैन बाजार और उपाध्याय मोहल्ले में चौपाल लगाकर लोगों को सरकार की योजनाओं और सुरक्षा उपायों की जानकारी दी।
चौपाल के दौरान टीम ने ऑपरेशन गरुड़, ऑपरेशन शील्ड, ऑपरेशन डेस्ट्रॉय, ऑपरेशन खोज, ऑपरेशन बचपन, ऑपरेशन मजनू, ऑपरेशन नशामुक्ति, ऑपरेशन रक्षा और ऑपरेशन ईगल जैसे अभियानों की जानकारी दी। साथ ही मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना, मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, निराश्रित महिला पेंशन, राष्ट्रीय पोषण मिशन और उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन जैसी योजनाओं के बारे में विस्तार से बताया गया।
महिलाओं और बालिकाओं की त्वरित सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबरों की भी जानकारी दी गई, जिनमें आपातकालीन पुलिस सहायता 112, अग्निशमन सेवा 101, एम्बुलेंस 108, वीमेन पावर लाइन 181, साइबर हेल्पलाइन 1930, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 और मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 प्रमुख रहे।
इसके अलावा एक विद्यालय में भी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया, जहां छात्राओं को सुरक्षा के विभिन्न पहलुओं से अवगत कराया गया। पुलिस टीम ने छात्राओं को बताया कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या परेशानी की स्थिति में तुरंत हेल्पलाइन नंबरों पर संपर्क करें। साथ ही साइबर अपराधों से बचाव के उपाय भी समझाए गए।
कार्यक्रम के दौरान छात्राओं को आत्मविश्वास बढ़ाने, अपने अधिकारों की पहचान करने और किसी भी अपराध के खिलाफ आवाज उठाने के लिए प्रेरित किया गया। विद्यालय स्टाफ ने भी इस पहल की सराहना की। पुलिस टीम ने बताया कि इस तरह के कार्यक्रमों का उद्देश्य समाज में महिलाओं के लिए सुरक्षित वातावरण तैयार करना और उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है।
Budaun Amarprabhat