बिसौली | संवाददाता: आई एम खान
राजकीय कन्या इंटर कॉलेज की प्रिंसिपल अवंतिका सिंह ने उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (UPPSC) परीक्षा में ऑल इंडिया 106वीं रैंक हासिल कर क्षेत्र का नाम रोशन कर दिया। उनकी इस शानदार सफलता से कॉलेज स्टाफ, परिजनों और शुभचिंतकों में खुशी की लहर दौड़ गई।
जैसे ही सफलता की खबर पहुंची, कॉलेज परिसर और घर पर जश्न का माहौल बन गया। स्टाफ और परिजनों ने मिठाइयां बांटकर अपनी खुशी जाहिर की। अवंतिका सिंह का चयन वाणिज्य कर अधिकारी पद पर हुआ है, जिसे उन्होंने अपनी कड़ी मेहनत और लगन के दम पर हासिल किया।
अवंतिका सिंह ने अपनी स्कूली शिक्षा होली चाइल्ड स्कूल, गाजियाबाद से पूरी की। इसके बाद उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय के प्रतिष्ठित हिंदू कॉलेज और हंसराज कॉलेज से स्नातक व परास्नातक की पढ़ाई की। पढ़ाई के दौरान ही उन्होंने प्रशासनिक सेवा में जाने का लक्ष्य तय कर लिया था, जिसे उन्होंने अपने अथक प्रयासों से साकार कर दिखाया।
उनके पिता काली चरण, जो लोक अदालत बरेली के चेयरपर्सन हैं, और माता कमलेश ने हर कदम पर उनका हौसला बढ़ाया। अवंतिका सिंह ने भी अपने माता-पिता के विश्वास को कायम रखते हुए दिन-रात मेहनत कर यह मुकाम हासिल किया।
अपनी सफलता का श्रेय उन्होंने माता-पिता और अपनी निरंतर मेहनत को देते हुए कहा कि “सपने वही सच होते हैं, जिनके लिए पूरी ईमानदारी से प्रयास किया जाए।”
स्थानीय लोगों और शिक्षकों ने उनकी इस उपलब्धि को युवाओं, खासकर छात्राओं के लिए प्रेरणादायक बताया। लोगों का कहना है कि अवंतिका सिंह की सफलता से क्षेत्र की बेटियों में नई उम्मीद और आत्मविश्वास जगा है।
इस अवसर पर मानसी ठक्कर, सावित्री देवी, शशिकांत सहित कई लोग मौजूद रहे और सभी ने उन्हें उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
Budaun Amarprabhat