बंजरिया विद्यालय में गूंजा सम्मान का स्वर, विधायक ने विकास के लिए हरसंभव मदद का दिया भरोसा
संवाददाता आई एम खान
बिसौली। संविलियन विद्यालय बंजरिया में आयोजित सेवानिवृत्त सम्मान समारोह भावनाओं और सम्मान का अद्भुत संगम बन गया। इस अवसर पर शिक्षिका पूनम लता सक्सेना को भावभीनी विदाई दी गई, जहां उपस्थित लोगों की आंखें नम नजर आईं।
कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर की गई। मुख्य अतिथि विधायक आशुतोष मौर्य, विशिष्ट अतिथि ब्लॉक प्रमुख ओम किशन, मंडल अध्यक्ष भाजपा सुनील कुमार सिंह एवं प्रदेश अध्यक्ष शैक्षिक नवाचार एसोसिएशन उ.प्र. मनोज कुमार सिंह ने कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
इस दौरान स्कूली बच्चों ने सरस्वती वंदना, स्वागत गीत और रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर माहौल को भावुक और उत्साहपूर्ण बना दिया। बच्चों की प्रस्तुतियों ने सभी का मन मोह लिया।
विधायक आशुतोष मौर्य ने अपने संबोधन में कहा कि शिक्षक कभी सेवानिवृत्त नहीं होता, उसका ज्ञान और अनुभव हमेशा समाज का मार्गदर्शन करता रहता है। उन्होंने विद्यालय के विकास के लिए विधायक निधि से हर संभव सहायता देने का आश्वासन दिया।
ब्लॉक प्रमुख ओम किशन ने कहा कि बंजरिया विद्यालय उनके दिल के बेहद करीब है। कार्यक्रम में मंडल अध्यक्ष सुनील कुमार सिंह, मलखान सिंह, मनोज कुमार सिंह, एआरपी दीपक रस्तोगी, पूर्व प्रधान महवीर गिरि सहित कई वक्ताओं ने अपने विचार व्यक्त किए।
इस अवसर पर अतिथियों द्वारा सेवानिवृत्त शिक्षिका को अंगवस्त्र, स्मृति चिन्ह और माल्यार्पण कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के अंत में प्रदेश अध्यक्ष शैक्षिक नवाचार एसोसिएशन एवं विद्यालय के शिक्षक मनोज कुमार सिंह ने सभी का आभार व्यक्त किया।
समारोह में शिक्षक-शिक्षिकाओं, अभिभावकों, ग्रामवासियों और छात्र-छात्राओं की बड़ी संख्या मौजूद रही, जिससे पूरा परिसर सम्मान और भावनाओं से सराबोर नजर आया।
Budaun Amarprabhat