महेश गुप्ता के प्रयास रंग लाए, जल्द शुरू होगा निर्माण—ग्रामीणों में खुशी की लहर
संवाददाता: गोविंद देवल
बदायूं। बदायूं विधानसभा क्षेत्र को एक और बड़ी विकासात्मक सौगात मिली है। शहर भाजपा विधायक एवं पूर्व राज्य मंत्री महेश चंद्र गुप्ता के प्रयासों से शासन ने 14 गांवों में जर्जर सड़कों के निर्माण के लिए 5 करोड़ 50 लाख रुपये की धनराशि मंजूर कर दी है। इसमें से 1 करोड़ 19 लाख रुपये ग्रामीण अभियंत्रण विभाग (आरईएस) को प्राप्त भी हो चुके हैं और जल्द ही निर्माण कार्य शुरू होने की उम्मीद है।
इन सड़कों की हालत लंबे समय से खराब थी, जिससे खासकर बरसात के दिनों में ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। स्थानीय लोगों की मांग पर विधायक ने शासन को प्रस्ताव भेजा था, जिस पर अब मुहर लग गई है।
विधायक महेश चंद्र गुप्ता ने बताया कि त्वरित आर्थिक विकास योजना के अंतर्गत 14 गांवों में इंटरलॉकिंग और लेपन कार्य कराया जाएगा। इसमें ग्राम केली, मोहम्मद नगर सुल्लारा, गाजीपुर, गोठा, कालिया काजमपुर, नरखेड़, कोटरा रसूल, औरंगाबाद खालसा, रकुल खोल, कुआं डंडा, पालिया झंडा, कोठी सराय, सिकरापुर और मोहनपुर शामिल हैं।
उन्होंने बताया कि संबंधित कार्यदायी संस्था को जल्द से जल्द काम शुरू करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि आगामी मानसून से पहले सड़कों का निर्माण पूरा हो सके और ग्रामीणों को राहत मिल सके।
खुशी की लहर:
धनराशि मंजूर होने की खबर से गांवों में खुशी का माहौल है। कई ग्रामीणों ने विधायक के आवास पहुंचकर आभार व्यक्त किया और इसे क्षेत्र के विकास की दिशा में बड़ा कदम बताया।
बरसात में मिलती थी मुसीबत:
इन गांवों में खराब सड़कों के कारण बारिश के मौसम में आवागमन बेहद कठिन हो जाता था। अब लोगों को उम्मीद है कि नई सड़कों के निर्माण से उनकी समस्याओं का स्थायी समाधान होगा।
विधायक का वर्जन:
“हमारी प्राथमिकता हमेशा क्षेत्र का समग्र विकास रही है। बिना किसी भेदभाव के विकास कार्य कराए जा रहे हैं। अब 14 गांवों की सड़कों के लिए 5 करोड़ से अधिक की धनराशि मंजूर हुई है और जल्द ही कार्य शुरू होगा। प्रयास है कि मानसून से पहले सभी सड़कें बनकर तैयार हो जाएं।” – महेश चंद्र गुप्ता, विधायक बदायूं।
Budaun Amarprabhat