Breaking News

HPCL प्लांट में दो अफसरों की हत्या से गूंजा लोकसभा: सांसद आदित्य यादव का हमला—”किसके संरक्षण में पल रहे हत्यारे?”

Spread the love

➡️ पहले से मिल रही थी जान से मारने की धमकी, शिकायतों के बावजूद नहीं हुई कार्रवाई
➡️ सांसद ने उठाई CBI जांच की मांग, पुलिस-प्रशासन पर लापरवाही का आरोप
संवाददाता: गोविंद देवल
बदायूं। जनपद बदायूं के मूसाझाग थाना क्षेत्र के सैंजनी गांव स्थित Hindustan Petroleum Corporation Limited (HPCL) प्लांट में 12 मार्च 2026 को दिनदहाड़े हुई दो अधिकारियों की निर्मम हत्या का मामला अब राष्ट्रीय स्तर पर गूंजने लगा है। बदायूं के सांसद Aditya Yadav ने इस सनसनीखेज वारदात को आज Lok Sabha में जोरदार तरीके से उठाया।
सांसद ने सदन का ध्यान आकर्षित करते हुए बताया कि प्लांट के मुख्य प्रबंधक सुधीर गुप्ता और उप प्रबंधक हर्षित मिश्रा की हत्या प्लांट परिसर के भीतर ही कर दी गई, जो सुरक्षा व्यवस्था की बड़ी चूक को उजागर करती है। उन्होंने कहा कि दोनों अधिकारियों ने पहले ही अपनी जान को खतरा बताते हुए पुलिस और प्रशासन को कई बार लिखित शिकायतें दी थीं, लेकिन इसके बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
उन्होंने यह भी खुलासा किया कि 4 फरवरी 2026 को भी प्लांट में हमला हो चुका था, लेकिन आरोपी को गिरफ्तार नहीं किया गया और न ही पीड़ित अधिकारियों को सुरक्षा दी गई। सांसद ने आरोप लगाया कि आरोपी को स्थानीय स्तर पर राजनीतिक संरक्षण प्राप्त था, जिसके चलते पुलिस और प्रशासन ने समय रहते कदम नहीं उठाए।
संसद में मुद्दा उठाते हुए सांसद आदित्य यादव ने पूरे मामले की CBI जांच कराने की मांग की, ताकि निष्पक्ष और पारदर्शी जांच सुनिश्चित हो सके। उन्होंने कहा कि यह घटना सिर्फ एक हत्या नहीं, बल्कि कानून-व्यवस्था, प्रशासनिक जवाबदेही और औद्योगिक सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े करती है।
सांसद ने सरकार से मांग की कि दोषी अपराधियों, लापरवाह पुलिस अधिकारियों और उन्हें संरक्षण देने वाले प्रभावशाली लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। साथ ही मृतक अधिकारियों के परिवारों को सुरक्षा और न्याय दिलाने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं।
👉 इस मुद्दे के लोकसभा में उठने के बाद अब पूरे मामले पर सरकार और प्रशासन की अगली कार्रवाई पर सभी की नजरें टिकी हैं।


Spread the love

About Govind Deval

Check Also

प्रतियोगिताएँ बच्चों के सर्वांगीण विकास का श्रेष्ठ साधन हैं : आचार्य संजीव रूप*

Spread the loveप्रतियोगिताएं * प्रथम दिवस हुई अभिनय व नृत्य प्रतियोगिता बिल्सी , तहसील क्षेत्र …

error: Content is protected !!