कोटा ग्लोबल स्कूल बाघी में सीनियर फेयरवेल, जूनियर्स ने दी भावभीनी विदाई
लखनऊ/गाजीपुर। संवाददाता: अजय सिंह
नन्दगंज क्षेत्र के बाघी स्थित द कोटा ग्लोबल स्कूल में आयोजित सीनियर विदाई समारोह भावनाओं, उल्लास और आत्मीयता से सराबोर नजर आया। जूनियर विद्यार्थियों द्वारा सीनियर्स के सम्मान में आयोजित इस कार्यक्रम ने हर किसी को भावुक कर दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ स्कूल के चेयरमैन अभय नाथ यादव और प्रिंसिपल पुनीता सिंह खुश्बू ने फीता काटकर तथा भारत माता की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया। जैसे ही कार्यक्रम शुरू हुआ, पूरे परिसर में उत्साह और अपनापन झलकने लगा।
प्रिंसिपल पुनीता सिंह खुश्बू ने अपने संबोधन में कहा कि “हर विदाई अंत नहीं होती, बल्कि यह एक नए सफर की शुरुआत होती है।” उन्होंने छात्रों को जीवन के अगले पड़ाव के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि स्कूल का समय केवल पढ़ाई नहीं, बल्कि रिश्तों और अनुभवों की अमूल्य पूंजी होता है। उन्होंने भावुक होकर कहा, “हम सब अजनबी बनकर आए थे, लेकिन आज एक परिवार बन चुके हैं।”
समारोह में कक्षा 10 के विद्यार्थियों के लिए विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें खेलकूद, हंसी-मजाक और रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने माहौल को जीवंत बना दिया। कभी ठहाके गूंजे तो कभी भावुक क्षणों ने आंखें नम कर दीं।
विद्यार्थियों ने भी अपने अनुभव साझा करते हुए शिक्षकों के स्नेह और मार्गदर्शन को जीवनभर की प्रेरणा बताया। उन्होंने कहा कि “कोटा ग्लोबल स्कूल हमारे लिए केवल विद्यालय नहीं, बल्कि दूसरा घर है।” भले ही यह पारंपरिक विदाई नहीं थी, क्योंकि छात्र 11वीं में प्रोन्नत हो रहे हैं, लेकिन 10वीं की यादों ने इस पल को खास बना दिया।
कार्यक्रम में प्रबंधक सुजीत, वाइस प्रिंसिपल अंकित सांगवान, को-ऑर्डिनेटर मनोज यादव, शालिनी पांडेय, सुनीता सिंह, अनिता राय, अरविंद दुबे, ऐश्वर्या श्रीवास्तव, प्रगति पांडेय, रीना चौधरी, रुकय्या, इन्द्रबाला यादव, पूजा, सुनीता यादव, शिवमोहन सिंह, ललित उपाध्यक्ष, शुभम कुमार सहित विद्यालय परिवार के अनेक सदस्य मौजूद रहे।
समारोह के अंत में माहौल में खुशी, यादों और भविष्य की उम्मीदों का अनोखा संगम देखने को मिला, जिसने इस आयोजन को हमेशा के लिए यादगार बना दिया।
Budaun Amarprabhat