संतोष कुमार- संवाददाता
बांसी, सिद्धार्थनगर। बांसी में सेवा और समर्पण की एक अनूठी मिसाल देखने को मिली, जहाँ अपनों की याद को समाज सेवा का जरिया बनाया गया। सांसद जगदंबिका पाल की सुपुत्री पूजा पाल ने अपने स्वर्गीय पति की पुण्यतिथि पर ‘आईपीएस प्रवीण कुमार ट्रस्ट’ के माध्यम से एक विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन किया। बांसी स्थित 50 शैय्या अस्पताल में आयोजित इस शिविर में मानवता की सेवा के लिए लोगों का हुजूम उमड़ पड़ा।
पुलिस अधीक्षक ने किया शुभारंभ
रक्तदान शिविर का विधिवत शुभारंभ मुख्य अतिथि पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थनगर अभिषेक महाजन ने फीता काटकर किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए एसपी अभिषेक महाजन ने आयोजकों के इस प्रयास की मुक्त कंठ से सराहना की। उन्होंने कहा कि रक्तदान से बड़ा कोई दान नहीं है; यह न केवल मानवता की सेवा है बल्कि आपातकाल में किसी का जीवन बचाने के लिए ‘संजीवनी’ का काम करता है।
युवाओं में दिखा जबरदस्त उत्साह
पूजा पाल की इस मुहिम से प्रेरित होकर क्षेत्र के युवाओं और स्थानीय नागरिकों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। शिविर के दौरान पचासों लोगों ने स्वेच्छा से रक्तदान कर समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाई। रक्तदाताओं में उत्साह इस कदर था कि अस्पताल परिसर सेवा के संकल्प से सराबोर नजर आया।

पुण्यतिथि को बनाया समाज सेवा का माध्यम
ट्रस्ट की संचालिका पूजा पाल ने सभी रक्तदाताओं और सहयोगियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने भावुक मन से कहा कि स्वर्गीय पति की स्मृति में शुरू किए गए इस ट्रस्ट का मुख्य उद्देश्य जरूरतमंदों की सेवा करना है। उन्होंने संकल्प दोहराया कि भविष्य में भी शिक्षा, स्वास्थ्य और सामाजिक उत्थान के कार्य इसी तरह जारी रहेंगे।
इस अवसर पर स्वास्थ्य विभाग की टीम, ट्रस्ट के सदस्य और भारी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
Budaun Amarprabhat
