अमर प्रभात ब्यूरो
बदायूं। सरकारी कार्यों में लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों के खिलाफ जिला प्रशासन ने सख्त रुख अख्तियार कर लिया है। जनगणना 2026 के महत्वपूर्ण प्रशिक्षण कार्यक्रम में अनुपस्थित रहने वाले 38 प्रगणकों और सुपरवाइजरों का वेतन अग्रिम आदेशों तक रोक दिया गया है । जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (BSA) ने तहसीलदार की रिपोर्ट पर यह कड़ी कार्रवाई करते हुए सभी संबंधित कर्मचारियों से तीन दिन के भीतर स्पष्टीकरण तलब किया है ।
तहसीलदार बदायूं द्वारा दी गई रिपोर्ट के अनुसार, जनगणना कार्य के लिए तैनात कर्मचारियों का प्रशिक्षण 20 अप्रैल से 22 अप्रैल 2026 तक निर्धारित था । इस प्रशिक्षण के लिए एस.के. इंटर कॉलेज, डायट बदायूं, एच.पी. इंटरनेशनल स्कूल और विभिन्न ब्लॉक कार्यालयों में केंद्र बनाए गए थे । हालांकि, ड्यूटी लगाए जाने के बावजूद जगत, सालारपुर, कादरचौक और उझानी ब्लॉक के 38 कर्मचारी इस महत्वपूर्ण प्रशिक्षण से नदारद रहे ।
तहसीलदार की नाराजगी के बाद, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी वीरेन्द्र कुमार सिंह ने कार्यालय आदेश जारी कर संलग्न सूची में अंकित सभी कर्मियों के माह अप्रैल 2026 के वेतन भुगतान पर रोक लगा दी है । बीएसए ने सख्त निर्देश दिए हैं कि सभी अनुपस्थित कर्मचारी तत्काल तहसील कार्यालय बदायूं में अपनी उपस्थिति दर्ज कराएं । साथ ही, तीन दिन के भीतर अपनी अनुपस्थिति का ठोस कारण स्पष्ट करें ।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यदि निर्धारित समय सीमा के भीतर स्पष्टीकरण प्राप्त नहीं होता है या स्पष्टीकरण संतोषजनक नहीं पाया जाता है, तो इसे उच्चाधिकारियों के आदेशों की अवहेलना माना जाएगा । ऐसी स्थिति में संबंधित कर्मचारियों के विरुद्ध कठोर विभागीय अनुशासनात्मक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी ।
Budaun Amarprabhat