संवाददाता: गोविंद देवल, बदायूँ

बदायूँ। रिजर्व पुलिस लाइन में रविवार को आयोजित “रिक्रूट आरक्षी दीक्षांत परेड समारोह 2025-26” में अनुशासन, समर्पण और देशसेवा का जोश साफ नजर आया। 489 प्रशिक्षु रिक्रूट आरक्षियों ने कड़े प्रशिक्षण के बाद जब मैदान में कदमताल की, तो पूरा परिसर गर्व और उत्साह से गूंज उठा।
समारोह के मुख्य अतिथि पुलिस उप महानिरीक्षक बरेली परिक्षेत्र अजय कुमार साहनी ने परेड की सलामी ली और निरीक्षण किया। उनके साथ वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा भी मौजूद रहीं। परेड के दौरान जवानों की सटीक चाल, अनुशासन और तालमेल ने सभी का ध्यान खींचा।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के संबोधन का लाइव प्रसारण भी किया गया। अपने संदेश में उन्होंने पुलिस बल को आधुनिक, संवेदनशील और अपराध के प्रति सख्त बनने का आह्वान किया, जिसे रिक्रूट्स ने गंभीरता से सुना।
मुख्य अतिथि ने अपने संबोधन में नवदीक्षित आरक्षियों को ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा और जनसेवा की भावना के साथ काम करने की सीख दी। उन्होंने कहा कि यह नई ऊर्जा प्रदेश की कानून-व्यवस्था को और मजबूत करेगी।
समारोह के दौरान प्रशिक्षण में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले रिक्रूट आरक्षियों को प्रशस्ति पत्र और पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। इसके बाद एसएसपी अंकिता शर्मा ने सभी रिक्रूट्स को देश की सेवा, संविधान के प्रति निष्ठा और जनसुरक्षा की शपथ दिलाई। शपथ के बाद टोलियों ने गर्व के साथ प्रस्थान किया।
कार्यक्रम के अंत में एसएसपी ने मुख्य अतिथि को स्मृति चिन्ह भेंट कर आभार जताया। इस मौके पर अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण डॉ. ह्रदेश कठेरिया, अपर पुलिस अधीक्षक नगर अभिषेक सिंह सहित पुलिस विभाग के कई अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
दीक्षांत परेड ने जहां एक ओर प्रशिक्षुओं के कठिन परिश्रम को प्रदर्शित किया, वहीं उत्तर प्रदेश पुलिस की मजबूत और पेशेवर प्रशिक्षण व्यवस्था की भी झलक पेश की।
Budaun Amarprabhat