संवाददाता: गोविंद देवल, बदायूँ
बदायूँ। जिले के बिसौली क्षेत्र में दिनदहाड़े बाइक सवार महिला से पर्स लूट की वारदात का पुलिस ने 48 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। तेज कार्रवाई करते हुए पुलिस ने तीन शातिर लुटेरों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से लूटे गए जेवरात और घटना में इस्तेमाल मोटरसाइकिल बरामद कर ली।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना बिसौली पुलिस ने इस वारदात का पर्दाफाश किया। पुलिस टीम ने सचिन, गोपाल और शुभम को गिरफ्तार किया है, जो अलग-अलग राज्यों से जुड़े बताए जा रहे हैं।
क्या था पूरा मामला?
24 अप्रैल की शाम करीब 5:45 बजे सिरकीखेड़ा निवासी विकास अपनी पत्नी और चचेरे भाई के साथ बाइक से फतेहपुर जा रहा था। जैसे ही वे कृषि अनुसंधान केंद्र के पास पहुंचे, पीछे से आए बाइक सवार तीन बदमाशों ने झपट्टा मारकर महिला का पर्स छीन लिया और फरार हो गए। पर्स में पायल, हथफूल, मंगलसूत्र और आधार कार्ड समेत कीमती सामान रखा था। पीड़ित ने बाइक का नंबर नोट कर लिया, जो जांच में अहम सुराग बना।
ऐसे चढ़े पुलिस के हत्थे
मामला दर्ज होने के बाद पुलिस ने सर्विलांस और स्थानीय इनपुट के आधार पर आरोपियों की पहचान की और दबिश देकर तीनों को पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपियों ने लूट की घटना कबूल कर ली।
क्या-क्या हुआ बरामद?
पुलिस ने आरोपियों के पास से दो जोड़ी पायल, एक जोड़ी हथफूल, एक गुच्छा, मंगलसूत्र, आधार कार्ड और वारदात में प्रयुक्त बाइक (UP 24 BM 7265) बरामद की है।
टीम को मिली सफलता
इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक तिलकराम सिंह, धूम सिंह, हेड कांस्टेबल राजेन्द्र सिंह और रघुवंश सिंह की टीम की अहम भूमिका रही।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। घटना के खुलासे से इलाके में पुलिस की सक्रियता का संदेश गया है।
Budaun Amarprabhat