HPCL प्लांट में दोहरे हत्याकांड का आरोपी अजय प्रताप सिंह ‘रामू’ राष्ट्रीय सुरक्षा कानून में निरुद्ध, गैंग के अन्य सदस्यों पर भी कसी शिकंजा
संवाददाता: गोविंद देवल
बदायूं। जनपद में कानून-व्यवस्था को सख्त बनाए रखने के लिए पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बहुचर्चित दोहरे हत्याकांड के मुख्य आरोपी अजय प्रताप सिंह उर्फ रामू पर राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम (NSA) के तहत कार्रवाई की है। यह कदम वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर उठाया गया है।
प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार थाना मूसाझाग क्षेत्र में स्थित एचपीसीएल (HPCL) के बायो गैस प्लांट में 12 मार्च 2026 को आरोपी अजय प्रताप सिंह ने घुसकर वरिष्ठ अधिकारी सुधीर गुप्ता और असिस्टेंट मैनेजर हरवित मिश्रा की गोली मारकर हत्या कर दी थी। इस सनसनीखेज वारदात के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।
गिरफ्तारी के दौरान आरोपी ने पुलिस टीम पर भी जानलेवा फायरिंग की थी, जिसमें एक आरक्षी घायल हो गया था। जवाबी कार्रवाई में आरोपी भी घायल हुआ था। मामले में थाना मूसाझाग पर कई धाराओं में मुकदमे दर्ज किए गए थे।
जांच के दौरान इस हत्याकांड में सहयोग करने वाले अन्य आरोपियों—मुनेंद्र विक्रम सिंह, धर्मेंद्र उर्फ कल्लू और केशव उर्फ पिचकू—के नाम भी सामने आए, जिन्हें गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। इनके खिलाफ भी गंभीर धाराओं में कार्रवाई की गई है।
पुलिस के अनुसार आरोपी अजय प्रताप सिंह का आपराधिक इतिहास भी लंबा रहा है। उसके खिलाफ हत्या, हत्या का प्रयास, गैंगस्टर, शस्त्र अधिनियम और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने जैसे कई मामले पहले से दर्ज हैं।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि जनपद में अपराध और अपराधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जा रही है। भविष्य में भी इस तरह के जघन्य अपराधों में संलिप्त लोगों पर कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।
पुलिस प्रशासन का कहना है कि NSA के तहत की गई यह कार्रवाई समाज में सुरक्षा की भावना को मजबूत करने और अपराधियों में भय पैदा करने के उद्देश्य से की गई है।
Budaun Amarprabhat