105 किग्रा वर्ग में 153 किग्रा बेंच प्रेस उठाकर बने चैंपियन, प्रदेशभर के खिलाड़ियों को छोड़ा पीछे

संवाददाता: गोविंद देवल
बदायूं/बरेली। जनपद बदायूं के होनहार खिलाड़ी राहुल कुमार ने पावरलिफ्टिंग प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक जीतकर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। पावरलिफ्टिंग उत्तर प्रदेश एसोसिएशन के तत्वावधान में आयोजित क्लासिक ओपन बेंच प्रेस एवं डेडलिफ्ट चैंपियनशिप 2026 में राहुल ने 105 किलोग्राम भार वर्ग में पहला स्थान हासिल किया।
यह प्रतियोगिता 29 अप्रैल 2026 को बरेली के दि ग्रीन लेमन में आयोजित हुई, जिसमें प्रदेशभर के खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। राहुल कुमार ने 153 किलोग्राम बेंच प्रेस उठाकर अपनी ताकत और तकनीक का बेहतरीन प्रदर्शन किया और स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया।
राहुल कुमार मूल रूप से बदायूं जिले के उझानी क्षेत्र के ग्राम मिहोना, पोस्ट संजयपुर के निवासी हैं और वर्तमान में बरेली में रहकर खेल की तैयारी कर रहे हैं। वे पहले भी कई राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में स्वर्ण पदक जीत चुके हैं, जो उनकी मेहनत और अनुशासन को दर्शाता है।
खास बात यह है कि राहुल को खेल की प्रेरणा उनके दादा स्वर्गीय सियाराम से मिली, जो अपने समय के जाने-माने पहलवान रहे हैं। उसी विरासत को आगे बढ़ाते हुए राहुल लगातार सफलता की नई इबारत लिख रहे हैं।
राहुल की इस उपलब्धि में उनके कोच अभिषेक सक्सेना (टॉप गियर जिम, लाल फाटक, बरेली) का विशेष योगदान रहा, जिनके मार्गदर्शन में उन्होंने यह मुकाम हासिल किया।
उपलब्धि पर गंगाशील ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशन्स की एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर डॉ. शालिनी महेश्वरी ने सबसे पहले शुभकामनाएं दीं। वहीं एडमिन डायरेक्टर मनीष वैष्णव ने भी फोन और सोशल मीडिया के माध्यम से बधाई प्रेषित की। इसके अलावा डॉ. प्रेम मोहन झा, डॉ. अभिषेक सिंह, मित्रों और रिश्तेदारों ने भी राहुल को शुभकामनाएं दीं।
राहुल की इस सफलता से क्षेत्र में खुशी की लहर है और युवाओं को खेल के प्रति नई प्रेरणा मिल रही है।
Budaun Amarprabhat