पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह और केंद्रीय मंत्री बीएल वर्मा करेंगे सौंदर्यीकरण कार्यों का शुभारंभ
विधायक हरीश शाक्य बोले- बिल्सी विधानसभा को विकास की नई पहचान दिलाना लक्ष्य

संवाददाता : गोविंद देवल
बिल्सी। बिल्सी विधानसभा क्षेत्र में विकास परियोजनाओं की रफ्तार लगातार तेज होती जा रही है। एक के बाद एक बड़ी परियोजनाओं के शिलान्यास और धनराशि स्वीकृत होने से क्षेत्र में विकास की नई तस्वीर उभर रही है। इसी क्रम में मां भागीरथी घाट कछला के तटों के सौंदर्यीकरण एवं पक्के घाट निर्माण के लिए धनराशि स्वीकृत होने के बाद क्षेत्रवासियों में खुशी की लहर दौड़ गई है।
रविवार को विधायक हरीश शाक्य ने कछला पहुंचकर मां भागीरथी घाट के तटों पर प्रस्तावित सौंदर्यीकरण कार्यों का निरीक्षण किया और अधिकारियों के साथ व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
विधायक हरीश शाक्य ने बताया कि मां भागीरथी घाट कछला सनातन संस्कृति का बदायूं जनपद में प्रमुख आस्था केंद्र है, जहां प्रतिदिन हजारों श्रद्धालु पहुंचते हैं। लंबे समय से श्रद्धालुओं और क्षेत्रवासियों द्वारा घाटों के सौंदर्यीकरण एवं पक्के निर्माण की मांग की जा रही थी। तटों पर पर्याप्त सुविधाएं न होने से श्रद्धालुओं को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता था।
उन्होंने कहा कि जनभावनाओं को ध्यान में रखते हुए लगातार प्रयास किए गए, जिसके बाद घाटों के सौंदर्यीकरण एवं पक्के घाट निर्माण के लिए धनराशि स्वीकृत हुई है।
विधायक ने जानकारी दी कि 14 मई को दोपहर 2:30 बजे मां भागीरथी घाट कछला पर सौंदर्यीकरण कार्यों का भव्य शिलान्यास कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उत्तर प्रदेश सरकार के पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह एवं भारत सरकार के केंद्रीय मंत्री बीएल वर्मा मौजूद रहेंगे।
उन्होंने कहा कि बिल्सी विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों को नई गति देने के लिए वह निरंतर प्रयासरत हैं और आने वाले समय में कई अन्य बड़ी परियोजनाएं भी क्षेत्र को मिलेंगी।
वहीं घाट के सौंदर्यीकरण के लिए धनराशि स्वीकृत होने पर क्षेत्रवासियों ने खुशी जताते हुए विधायक हरीश शाक्य के प्रयासों की सराहना की।
विधायक हरीश शाक्य ने प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में प्रदेश में धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों का तेजी से विकास हो रहा है।
उन्होंने क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर शिलान्यास कार्यक्रम में सहभागी बनने और मां भागीरथी का आशीर्वाद प्राप्त करने की अपील की।
Budaun Amarprabhat