बदायूं। जनपद बदायूं में धार्मिक और पर्यटन स्थलों के विकास को नई गति देने के लिए गुरुवार को बड़े स्तर पर पर्यटन विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास किया जाएगा। उत्तर प्रदेश सरकार के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह तथा केंद्रीय राज्य मंत्री बी.एल. वर्मा कार्यक्रम में शामिल होकर विभिन्न परियोजनाओं का शुभारंभ करेंगे।
कार्यक्रम के तहत 565.62 लाख रुपये की लागत से तैयार पर्यटन विकास कार्यों का लोकार्पण किया जाएगा, जबकि 2081.50 लाख रुपये की लागत वाली नई परियोजनाओं का शिलान्यास होगा। इनमें कछला गंगा घाट विकास परियोजना सबसे प्रमुख मानी जा रही है, जिस पर लगभग 17.92 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।
पर्यटन विभाग के अनुसार वित्तीय वर्ष 2023-24 के अंतर्गत गंगा देवी मईया मंदिर, दुर्गा देवी भवन मंदिर और परी माता मंदिर के पर्यटन विकास एवं सौंदर्यीकरण कार्य पूरे हो चुके हैं, जिनका लोकार्पण किया जाएगा। इसके अलावा सहस्रबाहू तीर्थ स्थल, तपोसिद्ध बाबा की मढ़ी स्थित प्राचीन शिव मंदिर और श्री रामचंद्र विराजमान मंदिर के विकास कार्य भी जनता को समर्पित किए जाएंगे।
वहीं वित्तीय वर्ष 2025-26 के अंतर्गत श्री बाबा देवादास मंदिर (अस्तल), बहादुर सिंह हनुमान बाबा आश्रम और माता मलाई देवी मंदिर के पर्यटन विकास कार्यों का शिलान्यास भी प्रस्तावित है।
प्रशासन का मानना है कि इन परियोजनाओं से बदायूं जिले को धार्मिक पर्यटन के क्षेत्र में नई पहचान मिलेगी। पर्यटन स्थलों पर आधारभूत सुविधाएं विकसित होने से श्रद्धालुओं और पर्यटकों को बेहतर व्यवस्थाएं मिल सकेंगी, वहीं स्थानीय स्तर पर रोजगार और स्वरोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे।
कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, श्रद्धालुओं और बड़ी संख्या में आमजन के शामिल होने की संभावना जताई जा रही है।
Budaun Amarprabhat