बदायूं में मौसम का तांडव: कहीं आंधी ने उड़ाए साइन बोर्ड, कहीं बारिश-बूंदाबांदी से बदला मिजाज
संवाददाता गोविन्द देवल
बदायूं। बुधवार सुबह बदायूं जिले में मौसम ने अचानक करवट बदल ली। जिले के अलग-अलग क्षेत्रों में कहीं तेज आंधी चली तो कहीं हल्की बारिश और बूंदाबांदी ने मौसम का मिजाज बदल दिया। तेज हवाओं के चलते कई स्थानों पर पेड़ गिर गए और दुकानों व प्रतिष्ठानों के बाहर लगे साइन बोर्ड उखड़कर सड़क पर जा गिरे।
जिले के देहात क्षेत्रों में आंधी का असर ज्यादा देखने को मिला, जहां कई गांवों की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। ग्रामीण इलाकों में बिजली गुल होने से लोगों को परेशानी उठानी पड़ी। वहीं शहर के कुछ हिस्सों में बूंदाबांदी और ठंडी हवाओं से लोगों को गर्मी से राहत भी मिली।
आंधी के दौरान कई मार्गों पर धूल का गुबार छा गया, जिससे वाहन चालकों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। कुछ स्थानों पर पेड़ गिरने से यातायात भी प्रभावित हुआ। सूचना मिलने पर नगर निकाय, बिजली विभाग और प्रशासनिक टीमें राहत कार्य में जुट गईं। गिरे पेड़ों को हटाने और बिजली आपूर्ति बहाल करने का काम लगातार जारी रहा।
मौसम के अचानक बदले तेवर से लोग हैरान नजर आए। सुबह तेज धूप के बाद अचानक चली तेज हवाओं और बूंदाबांदी ने वातावरण को पूरी तरह बदल दिया। प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने और खुले स्थानों व बिजली के तारों से दूर रहने की अपील की है।
Budaun Amarprabhat