Breaking News

सामाजिक समरसता और राष्ट्रभक्ति का मार्ग अपनाएं मुस्लिम युवा: मजाहिर खान

Spread the love

मुस्लिम राष्ट्रीय मंच की सामान्य सभा में ‘विकसित भारत’ के लिए एकजुटता का आह्वान
घर-घर भ्रमण कर चलाया गया जागरूकता अभियान; दिवंगत साथी गुलशन कुमार को दी गई श्रद्धांजलि


अमर प्रभात ब्यूरो
बदायूँ। शनिवार को मुस्लिम राष्ट्रीय मंच की स्थानीय बदायूँ शाखा के अंतर्गत एक सामान्य सभा व बैठक का भव्य आयोजन पटेल चौक स्थित (दादी की रसोई) में किया गया। जिला संयोजक मोहम्मद इरशाद के सौजन्य से आयोजित इस बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में मंच के राष्ट्रीय संयोजक मजाहिर खान उपस्थित रहे। यह बैठक संघ परिवार (RSS) के वरिष्ठ प्रचारक और मंच के मार्गदर्शक गुरुवर डॉ० इन्द्रेश कुमार के निर्देशन में संपन्न हुई।
बैठक को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि मजाहिर खान ने मुस्लिम समाज में व्याप्त विभिन्न भ्रांतियों को दूर करने पर जोर दिया। उन्होंने मुस्लिम युवाओं से सीधे संवाद करते हुए आह्वान किया कि वे मुख्यधारा और संगठन से जुड़कर देश की प्रगति में अपना योगदान दें। उन्होंने युवाओं को आरएसएस की नीतियों, सर्वसमाज के सुधार और राष्ट्रभक्ति की भावना से ओत-प्रोत होने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम का संचालन कर रहे बदायूँ के जिला संयोजक मोहम्मद इरशाद ने बैठक में युवाओं के सामने ‘भारत फर्स्ट, भारत ऑलवेज’ का विजन रखा। उन्होंने उपस्थित जनसमूह को प्रेरित करते हुए कहा कि हमें प्राचीन संस्कृति को संरक्षित रखते हुए आधुनिक विकास की ओर बढ़ना है। उन्होंने विकसित भारत के निर्माण के लिए छुआछूत मुक्त भारत, तालीम (शिक्षा) युक्त भारत, नशा मुक्त व पर्यावरण युक्त भारत, सद्भावना पूर्ण, दंगा मुक्त व दहशत मुक्त भारत बनाने का संकल्प दिलाया और सभी से मिलकर काम करने की प्रेरणा दी।
सभा में उपस्थित बदायूँ के वयोवृद्ध संघ प्रचारक सर्वेश पाठक ने सभी धर्मों के लोगों से एकजुट होने की अपील की। उन्होंने युवाओं को आगे आने का आह्वान करते हुए कहा कि वे संघ की कार्यप्रणाली और लोक-कल्याणकारी नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य करें। इस दौरान अमरोहा के जिला संयोजक श्री (डॉ०) अय्यूब अहमद सैफी और मुरादाबाद के अनीस अहमद खाँ ने भी मुस्लिम राष्ट्रीय मंच की कार्यप्रणाली पर विस्तार से प्रकाश डाला।
बैठक के उपरांत संघ की ‘जन-जन तक जुड़ाव’ की नीति के तहत एक विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया। राष्ट्रीय संयोजक मजाहिर खान ने जिला संयोजक मोहम्मद इरशाद के आवास पर जाने के साथ-साथ नाहर खाँ सराय मोहल्ले का सघन भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने स्थानीय लोगों से मुलाकात कर उन्हें देश की एकता, अखंडता और समरसता के अभियान से जुड़ने के लिए जागरूक किया।
कार्यक्रम के अंत में एक शोक सभा का भी आयोजन किया गया। मंच के जम्मू-कश्मीर संगठन के संयोजक रहे गुलशन कुमार के आकस्मिक निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया गया। वक्ताओं ने कहा कि उनके निर्देशन में कश्मीर में मंच ने कई ऐतिहासिक और साहसिक कार्य किए थे। सभा में उपस्थित सभी सदस्यों ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए 2 मिनट का मौन रखकर उन्हें अपनी भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
इस अवसर पर मुख्य रूप से सर्वश्री जितेन्द्र पाल सिंह चौहान, श्याम चन्द्र गुप्ता, मो० इसहाक, राजेन्द्र सिंह, नवल किशोर उपाध्याय, राकेश यादव, मु० फरमान, मु० अफजाल, अब्दुल रहमान, प्रेमशंकर, जीशान अली, अनिल कुमार सोनू, मु० हसन, शमशुल कमर और साजिद अली इत्यादि गणमान्य नागरिक और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के वाचन और ‘भारत माता की जय’ के गगनभेदी उद्घोष के साथ हुआ। अंत में जिला संयोजक मोहम्मद इरशाद ने सभी आगंतुकों का आभार व्यक्त किया।


Spread the love

About Budaun Amarprabhat

Check Also

आश्रम के दिव्यांग बच्चों के लिए एक वाशिंग मशीन भेंट की।

Spread the loveबिसौली। जायन्ट्स ग्रुप बिसौली सिटी द्वारा मानसिक मंदित आश्रय गृह सह प्रशिक्षण केन्द्र …

error: Content is protected !!